भोपाल में आबकारी वेयरहाउस से अवैध शराब की लोडिंग: बिना परमिट निकला मिनी ट्रक, बैरसिया पुलिस ने 400 पेटी के साथ पकड़ा
पुलिस ने चालक सीआई कॉलोनी, जहांगीराबाद निवासी आरिफ खां पिता मुन्ने खां (53) को गिरफ्तार किया है। शराब की कीमत करीब 17 लाख रुपये है, जबकि मिनी ट्रक सहि...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 25 Sep 2026 08:30:10 PM (IST)Updated Date: Fri, 25 Sep 2026 08:30:10 PM (IST)
बैरसिया पुलिस की गिरफ्त में अवैध शराब की पेटी से भरा ट्रक और ड्राइवर। सौ- विभागHighLights
- आबकारी वेयरहाउस से बिना परमिट निकली 400 पेटी शराब
- पिपलानी के बजाय देहात में शराब को खपाने की थी तैयारी
- बिना परमिट शराब ले जा रहा ड्राइवर गिरफ्तार, ट्रक जब्त
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। आबकारी विभाग के जिंसी स्थित वेयरहाउस से शराब की पेटियां लोड कर देहात क्षेत्र में सप्लाई के लिए ले जाई जा रही बड़ी खेप को बैरसिया पुलिस ने पकड़ लिया। गुरुवार देर रात तरावली जोड़ पर घेराबंदी कर पुलिस ने मिनी ट्रक से 400 पेटियों में करीब 3600 लीटर देशी मसाला और प्लेन शराब बरामद की।
शराब और वाहन समेत जब्त माल की कीमत करीब 32 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि खेप भेजने वाले मुख्य आरोपित और वाहन मालिक की तलाश की जा रही है।
शराब की खेप देहात में खपाने की थी तैयारी
एसआई साहब सिंह इवने ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि भोपाल से मिनी ट्रक में देशी शराब की बड़ी खेप देहात क्षेत्र में भेजी जा रही है। सूचना पर पुलिस टीम ने रात करीब पौने 11 बजे तरावली जोड़ पर नाकाबंदी कर वाहन रोक लिया। तलाशी में 400 पेटियों में 3600 लीटर शराब मिली। चालक के पास शराब परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या लाइसेंस नहीं था।
पुलिस ने चालक सीआई कॉलोनी, जहांगीराबाद निवासी आरिफ खां पिता मुन्ने खां (53) को गिरफ्तार किया है। शराब की कीमत करीब 17 लाख रुपये है, जबकि मिनी ट्रक सहित कुल जब्ती करीब 32 लाख रुपये की है।
विनय के कहने पर वेयरहाउस पहुंचा था चालक
पूछताछ में आरिफ ने बताया कि वह विनय के कहने पर जिंसी स्थित आबकारी वेयरहाउस पहुंचा था। वहां जावेद खां के मिनी ट्रक में वेयरहाउस से शराब की पेटियां लोड कीं। इसके बाद उसे खेप तरावली ले जाकर विनय के बताए स्थान पर उतारनी थी। पुलिस ने आरिफ, विनय और वाहन मालिक जावेद के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।
वेयरहाउस कर्मचारियों की भूमिका भी जांच के घेरे में
शराब की खेप आबकारी वेयरहाउस से बाहर निकलने के कारण वहां तैनात कर्मचारियों की भूमिका भी जांची जा रही है। पुलिस यह पता लगा रही है कि शराब लोडिंग और वेयरहाउस से बाहर ले जाने की प्रक्रिया में किसी कर्मचारी की मिलीभगत थी या नहीं। विनय और जावेद की तलाश जारी है।
पिपलानी के लिए निकली शराब बैरसिया पहुंची
सूत्रों के अनुसार जहांगीराबाद आबकारी वेयरहाउस से करीब 500 पेटी शराब लेकर वाहन पिपलानी के लिए निकला था। जिसमें 200 मसाला व 300 प्लेन की पेटियां थी।
ड्राइवर को वाहन पिपलानी स्थित शराब दुकान पर ले जाना था लेकिन वह उसे बैरसिया तरफ ले गया। यहां हिरनखेड़ा स्थित शराब दुकान के लिए माल ले जा रहा था लेकिन इससे पहले ही वह पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
पुलिस पूछताछ में वह किसी तरह के परमिट नहीं होने की बात कर रहा है, जबकि सूत्र बताते हैं कि वेयरहाउस से एक भी वाहन बिना परमिट के नहीं निकाला जाता है। हालांकि हकीकत पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
बैरसिया में शराब की पेटियों से भरा वाहन पुलिस ने पकड़ा है, जिसकी जांच चल रही है। जो भी सामने आएगा, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।- वीरेंद्र सिंह धाकड़, सहायक आबकारी आयुक्त