भोपाल में 24 घंटे में 6 ने फांसी लगाई, एक ने जहर खाकर दी जान; युवा से बुजुर्ग तक शामिल
भोपाल में 24 घंटे के भीतर सात लोगों की मौत के मामले सामने आए। जिनमें छह लोगों ने फांसी लगाकर जान दी, जबकि एक युवक ने तीन दिन पहले जहर खा लिया था
Publish Date: Thu, 26 Nov 2026 03:12:27 PM (IST)Updated Date: Thu, 26 Nov 2026 03:12:27 PM (IST)
प्रतीकात्मकHighLights
- भोपाल में 24 घंटे के भीतर सात लोगों की मौत
- छह ने फांसी लगाई और एक युवक ने जहर खाया
- कुछ बीमारी, नशे की लत और मानसिक परेशानी से जूझ रहे थे
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी में 24 घंटे के भीतर सात लोगों की मौत के मामले सामने आए हैं। इनमें छह लोगों ने फांसी लगाकर जान दी, जबकि एक युवक ने तीन दिन पहले जहर खा लिया था, जिसकी मंगलवार को इलाज के दौरान मौत हो गई।
मृतकों में युवा से लेकर बुजुर्ग तक शामिल हैं। शुरुआती जानकारी में कुछ लोग बीमारी, नशे की लत और मानसिक परेशानी से जूझ रहे थे। पुलिस ने सभी मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
नशे की लत, पहले भी कर चुका था प्रयास
गांधीनगर में 20 वर्षीय संदीप यादव ने 20 नवंबर को फांसी लगाई थी। स्वजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान मंगलवार देर रात उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, वह नशे का आदी था और पहले भी खुदकुशी का प्रयास कर चुका था।
बीमारी और मानसिक परेशानी से जूझ रहे थे
छोला मंदिर क्षेत्र में 50 वर्षीय संतोष वाल्मीकि की फांसी लगाने से मौत हो गई। वह बीमार रहती थीं और हाल ही में अस्पताल से लौटी थीं। इसी क्षेत्र में 19 वर्षीय संतोषी ने भी फांसी लगा ली। कोहेफिजा के दुर्गा नगर में 30 वर्षीय नानिमा ने मंगलवार रात करीब आठ बजे जान दे दी। वह मानसिक परेशानी से जूझ रही थीं और बहन के साथ रहती थीं।
दो अन्य मामलों में भी मौत
ऐशबाग के बाग उमराव दूल्हा में 45 वर्षीय कमल रैकवार ने मंगलवार रात करीब 11 बजे फांसी लगा ली। स्वजन अस्पताल ले गए, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। टीला जमालपुरा के इंदिरा नगर में 50 वर्षीय इस्माइल खान भी घर में मृत मिले।
जहर खाने वाले युवक ने दम तोड़ा
कोलार के ओम नगर निवासी 21 वर्षीय सुजल बसेड़िया ने 21 नवंबर को जहर खाया था। वह पहले ड्राइवरी करता था, लेकिन फिलहाल काम छोड़ रखा था। मंगलवार शाम चार बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस सभी मामलों में स्वजनों के बयान और परिस्थितियों के आधार पर जांच कर रही है।
-------------