BU की परीक्षा व्यवस्था पर सवाल; भोपाल के 65 छात्रों को दिए जीरो नंबर, परीक्षा देने वाली छात्रा एब्सेंट
कोलार स्थित श्यामा प्रसाद मुखर्जी कॉलेज में बीकॉम द्वितीय वर्ष के बिजनेस स्टैटिस्टिक्स विषय में करीब 200 विद्यार्थियों में से 65 को शून्य अंक दिए हैं। वहीं, एक छात्रा ने चारों परीक्षाएं दीं, लेकिन उसके परिणाम में सभी विषयों में अनुपस्थित दर्शा दिया गया।
Publish Date: Thu, 26 Nov 2026 01:21:28 PM (IST)Updated Date: Thu, 26 Nov 2026 01:21:28 PM (IST)
रजिस्ट्रार से मुलाकात कर विद्यार्थियों ने शिकायत रखी और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। फोटो - स्वयंHighLights
- बिजनेस स्टैटिस्टिक्स में 65 विद्यार्थियों को शून्य अंक
- चारों पेपर देने वाली छात्रा को अनुपस्थित बताया
- कांग्रेस नेता ने रजिस्ट्रार से मिलकर जांच और दोबारा मूल्यांकन की मांग की
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। बरकतउल्लाह विश्वविद्यालय (बीयू) की परीक्षा और मूल्यांकन व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। हुजूर विधानसभा क्षेत्र के कोलार स्थित श्यामा प्रसाद मुखर्जी कॉलेज में बीकॉम द्वितीय वर्ष के बिजनेस स्टैटिस्टिक्स विषय में करीब 200 विद्यार्थियों में से 65 को शून्य अंक दिए जाने का मामला सामने आया है। वहीं, एक छात्रा ने चारों परीक्षाएं दीं, लेकिन उसके परिणाम में सभी विषयों में अनुपस्थित दर्शा दिया गया।
इस मामले को लेकर मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव राजकुमार सिंह प्रभावित विद्यार्थियों के साथ बरकतउल्लाह विश्वविद्यालय पहुंचे। उन्होंने रजिस्ट्रार से मुलाकात कर विद्यार्थियों की शिकायत रखी और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
मूल्यांकन व्यवस्था पर उठाए सवाल
राजकुमार सिंह ने कहा कि एक ही विषय में 65 विद्यार्थियों को शून्य अंक मिलना सामान्य त्रुटि नहीं है। इससे विश्वविद्यालय की परीक्षा और मूल्यांकन व्यवस्था पर सवाल खड़े होते हैं। परीक्षा और परिणाम तैयार करने की जिम्मेदारी संभालने वाली निजी कंपनी की कार्यप्रणाली की भी जांच होनी चाहिए।
परीक्षा दी फिर भी एब्सेंट बताया
उन्होंने बताया कि साक्षी नाम की छात्रा ने चारों परीक्षाओं में शामिल होकर पेपर दिए थे, लेकिन परिणाम में उसे सभी परीक्षाओं में अनुपस्थित दर्शाया गया। उन्होंने उत्तर पुस्तिकाओं और अंकों की दोबारा जांच कराने के साथ ही लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की।
सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जब तक प्रभावित विद्यार्थियों को न्याय नहीं मिलता, उनकी लड़ाई जारी रहेगी। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन से जल्द जांच कर परिणाम संबंधी त्रुटियों को दूर करने की मांग की।