भोपाल मंडल की पहल; 741 दिव्यांगों को मिले रेलवे कंसेशन कार्ड, ऑनलाइन टिकट बुकिंग पर भी मिलेगा डिस्काउंट
कार्ड की जानकारी रेलवे सॉफ्टवेयर में अपडेट होने के बाद पात्र यात्री निर्धारित प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन टिकट बुक करते समय किराये में छूट ले सकते हैं। सहायता के लिए भोपाल मंडल के दिव्यांग सेल के हेल्पलाइन नंबर 9630951262 पर संपर्क किया जा सकता है।
Publish Date: Sun, 25 Oct 2026 03:13:04 PM (IST)Updated Date: Sun, 25 Oct 2026 03:13:04 PM (IST)
प्रतीकात्मक, एआई से तैयार फोटो।HighLights
- छह महीने में 741 दिव्यांग रियायत कार्ड जारी
- सत्यापन के बाद कार्ड जारी होने की सूचना एसएमएस से मिलेगी
- दिव्यांगों को ऑनलाइन टिकट बुक करते समय किराये में छूट
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। दिव्यांग यात्रियों को रेल यात्रा में किराये की रियायत का लाभ दिलाने के लिए भोपाल रेल मंडल की ओर से दिव्यांग रियायत कार्ड जारी किए जा रहे हैं। चालू वित्तीय वर्ष की पहली छमाही यानी सितंबर तक मंडल में 741 कार्ड जारी किए गए हैं।
वहीं, पिछले वित्तीय वर्ष में 1413 कार्ड जारी हुए थे। कार्ड के माध्यम से पात्र दिव्यांग यात्री नियमानुसार किराये में छूट का लाभ ले सकते हैं। पात्रता के आधार पर परिचारक को भी रियायत मिल सकती है।
ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
दिव्यांग रियायत कार्ड बनवाने के लिए आवेदक को रेलवे की वेबसाइट https://divyangjanid.indianrail.gov.in पर जाकर आवेदन करना होगा। इसके लिए जिला चिकित्सा अधिकारी द्वारा जारी चिकित्सा प्रमाणपत्र, पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड, जन्म प्रमाणपत्र और नियमानुसार आवश्यक रियायत प्रमाणपत्र अपलोड करना होगा।
सही जानकारी भरें
आवेदन में सभी जानकारियां सही भरना जरूरी है। दस्तावेजों के सत्यापन के बाद कार्ड जारी किया जाता है और इसकी सूचना मोबाइल पर एसएमएस के जरिए दी जाती है।
ई-टिकट पर भी मिलेगा लाभ
कार्ड जारी होने के बाद उसकी जानकारी रेलवे के सॉफ्टवेयर में अपडेट की जाती है। इसके बाद पात्र यात्री निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आनलाइन टिकट बुक करते समय भी रियायत का लाभ ले सकते हैं।
अधिक जानकारी या सहायता के लिए भोपाल मंडल के दिव्यांग सेल से संपर्क किया जा सकता है। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 9630951262 जारी किया गया है।