भोपाल: 25 तहसीलों में 7479 राजस्व प्रकरण लंबित, नामांतरण के 1300 आवेदन अटके
कोलार तहसील में इस साल के 3707 राजस्व प्रकरण लंबित हैं, जबकि बैरसिया में सीमांकन के 529 मामले अटके हुए हैं। हुजूर तहसील में भी लंबित मामलों की संख्या अधिक है।
Publish Date: Sun, 08 Nov 2026 12:15:20 PM (IST)Updated Date: Sun, 08 Nov 2026 12:15:20 PM (IST)
कलेक्टर कार्यालय, भोपाल।HighLights
- भोपाल की 25 तहसीलों में 7479 राजस्व प्रकरण लंबित
- कोलार और बैरसिया में सबसे ज्यादा पेंडेंसी
- प्रकरणों के तत्काल निराकरण के निर्देश दिए गए
नईदुनिया प्रतिनिधि,भोपाल। जिले की तहसीलों में राजस्व प्रकरणों के निराकरण की रफ्तार धीमी होने से किसानों और ग्रामीणों की परेशानी बढ़ती जा रही है। जिले की 25 तहसील न्यायालयों में कुल 7479 राजस्व प्रकरण लंबित हैं। इनमें नामांतरण के 1300 आवेदन इसी माह से लंबित बताए जा रहे हैं।
कोलार और बैरसिया में सबसे ज्यादा
कोलार और हुजूर तहसीलों में सबसे ज्यादा पेंडेंसी है। अकेले कोलार में इस साल के 3707 राजस्व प्रकरण निराकरण का इंतजार कर रहे हैं, जबकि बैरसिया में सीमांकन के 529 मामले अटके हुए हैं। नियमानुसार राजस्व प्रकरणों का समय सीमा में निराकरण होना चाहिए, लेकिन हकीकत इससे अलग है।
दफ्तरों के काटने पड़ रहे चक्कर
ग्रामीण क्षेत्रों से किसान और आम लोग नामांतरण, सीमांकन और अन्य राजस्व कार्यों के लिए तहसील कार्यालयों के चक्कर काट रहे हैं।एक आवेदक ने बताया कि उसने नामांतरण के लिए दो महीने पहले आवेदन किया था, लेकिन कोई सूचना नहीं मिली।
तहसील कार्यालय पहुंचने पर पता चला कि तकनीकी कारणों से उनका आवेदन निरस्त कर दिया गया है। अब उन्हें दोबारा आवेदन करना होगा।
लंबित प्रकरणों के तत्काल निराकरण के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं और नियमित समीक्षा के साथ कार्रवाई जारी है।- महेंद्र कवचे, अपर कलेक्टर
राजस्व प्रकरणों के निराकरण की समय सीमा
अविवादित नामांतरण : 30 दिन
विवादित नामांतरण : 90 दिन
सीमांकन : 30 कार्यदिवस
डायवर्जन : 15 दिन