
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। प्रदेश की 75 प्रतिशत ग्राम पंचायतों को चरणबद्ध तरीके से सार्वजनिक बस परिवहन नेटवर्क से सीधे जोड़ा जाएगा। इससे ग्रामीणों को शिक्षा, रोजगार, इलाज और व्यापार के लिए शहरों तक पहुंचने में आसानी होगी। मध्य प्रदेश यात्री परिवहन एवं अधोसंरचना लिमिटेड के विजन 2030-31 में ग्रामीण क्षेत्रों तक बस सेवाओं का विस्तार करने का लक्ष्य रखा गया है।
योजना के तहत प्रदेश में 2030-31 तक 15 हजार से अधिक सार्वजनिक बसें चलाने और पांच हजार से अधिक बस मार्ग विकसित करने की तैयारी है। इसके माध्यम से प्रतिदिन 30 लाख से अधिक यात्रियों को बस सेवा उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। बसों के संचालन और यात्रियों की सुविधाओं के लिए प्रदेश में 180 से अधिक बस डिपो एवं टर्मिनल भी विकसित किए जाएंगे।
बस नेटवर्क के विस्तार से उन ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को विशेष सुविधा मिलेगी, जहां नियमित सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध नहीं है। योजना को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा। इसके तहत ग्रामीण क्षेत्रों की जरूरत के अनुसार बस मार्ग विकसित करने और परिवहन सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर रहेगा। फिलहाल मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के तहत प्रदेश के सात प्रमुख शहरों में 351 बसें संचालित हो रही हैं।
यह भी पढ़ें- भोपाल में MLA बंगले के सामने मोबाइल छीना, पलटकर मुस्कुराया और चेतक ब्रिज की ओर भागा