
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। गोविंदपुरा क्षेत्र स्थित भारतीय निकेतन के पास विधायक हेमंत कटारे के बंगले के सामने स्कूटी सवार बदमाश ने जनसंपर्क विभाग के एक कर्मचारी का मोबाइल फोन झपट लिया। कर्मचारी पैदल फोन पर बात करते हुए जा रहा था, तभी पीछे से आए बदमाशों ने मोबाइल झपट लिया। लेकिन आरोपित सीधे फरार होने की बजाए कुछ दूर जाकर रुक गए और पीछे मुस्कुरा कर देखा।
युवक को लगा शायद किसी परिचित ने मजाक किया है। यही समझकर वह पीछा करने गया तो आरोपित तेज रफ्तार में फरार हो गए। पीड़ित ने बाइक सवार की मदद से उसका पीछा भी किया, लेकिन आरोपित हाथ नहीं आया। गोविंदपुरा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार भारतीय निकेतन निवासी सनी कुमार (23) जनसंपर्क विभाग में काम करते हैं। गुरुवार सुबह करीब 11 बजे वह काम पर जा रहे थे। कांग्रेस विधायक हेमंत कटारे के निज निवास के सामने पहुंचे, तभी उनकी मां का फोन आ गया। वह सड़क पर चलते हुए मोबाइल पर बात कर रहे थे। इसी दौरान पीछे से स्कूटी पर आए युवक ने उनके हाथ से मोबाइल छीना और आगे निकल गया।
मोबाइल छीनने के बाद आरोपित कुछ दूरी पर रुका और पलटकर सनी की ओर देखकर मुस्कुराने लगा। पीछा करने पर आरोपित तेज रफ्तार से भगाने लगा। उन्होंने सड़क से गुजर रहे एक बाइक सवार से मदद मांगी और उसके साथ झपटमार का पीछा किया। आरोपित चेतक ब्रिज की ओर भाग निकला और पकड़ में नहीं आया। सनी की शिकायत पर गोविंदपुरा पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी है। TI गोविंदपुरा अवधेश सिंह तोमर ने बताया कि आरोपित की तलाश के लिए CCTV कैमरे देखकर तलाश की जा रही है।
यह भी पढ़ें- MP के गांवों में बॉन्ड डॉक्टरों को टिकाना चुनौती: 50% नहीं करते ज्वाइन, डिप्टी CM ने की सीधी बात