
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। गुनगा के ग्राम जूनापानी में दो नकाबपोश बदमाशों ने घर में घुसकर 75 वर्षीय वृद्धा को बंधक बनाकर जेवर और नकदी लूट ली। बदमाश हथियारों से लैस थे और वृद्धा को डराकर अलमारी में रखे करीब दो किलो चांदी के जेवरात और 30 हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। घटना 16 अक्टूबर की रात करीब साढ़े आठ बजे हुई। उस समय वृद्धा के साथ रहने वाले रिश्ते के नाती और पोते नवरात्र की पूजा करने बाहर गए थे।
गुनगा पुलिस ने घटना को संदिग्ध मानते हुए जांच की, जिसके चलते मामला दो दिन बाद तक दर्ज नहीं किया है। बाद में पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ लूट का प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
गुनगा थाना प्रभारी रिंकू जाटव के अनुसार ग्राम जूनापानी निवासी 75 वर्षीय कला बाई की कोई संतान नहीं है। वह अपने भाई के नाती और पोते के साथ रहती खेती और जमीन की देखभाल करती हैं। दोनों नाबालिग बताए जा रहे हैं। शुक्रवार रात कला बाई घर में अकेली थीं। मुख्य दरवाजा बंद होने के बावजूद दो नकाबपोश बदमाश घर में घुस आए।
उन्होंने धारदार हथियार दिखाकर वृद्धा को बंधक बना लिया। इसके बाद उन्हें अलग-अलग कमरों में ले जाकर जेवरात और नकदी के बारे में पूछा। डर के कारण वृद्धा ने अलमारी में सामान रखे होने की जानकारी दे दी। बदमाश जेवरात और नकदी लेकर भाग निकले। कुछ देर बाद स्वजन लौटे तो कला बाई ने उन्हें घटना बताई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस को आशंका है कि बदमाश पैदल घर तक पहुंचे थे। जांच की जा रही है कि कहीं उन्होंने भागने के लिए अपना वाहन कुछ दूरी पर तो खड़ा नहीं किया था। पुलिस वारदात की परिस्थितियों को संदिग्ध मानकर स्वजनों से भी पूछताछ कर रही है। थाना प्रभारी रिंकू जाटव ने बताया कि लूटे गए सामान की कीमत करीब दो लाख रुपये है। फिलहाल बदमाशों का सुराग नहीं मिला है। उनकी तलाश के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें जुटी हैं।