भोपालवासियों को बड़ी राहत... अपॉइंटमेंट से लेकर लैब रिपोर्ट तक WhatsApp पर ही मिलेंगी AIIMS की 8 जरूरी सेवाएं
एम्स ने एम्स भोपाल व्हाट्सऐप-स्वास्थ्य सेवाएं नाम से नई डिजिटल सेवा शुरू की है। इसका सार्वजनिक परीक्षण वर्जन आम लोगों के लिए शुरू कर दिया गया है।
Publish Date: Sat, 29 Aug 2026 05:51:34 PM (IST)Updated Date: Sat, 29 Aug 2026 05:51:34 PM (IST)
एम्स भोपाल व्हाट्सऐप-स्वास्थ्य सेवाएं... ऐप। (सौ संस्थान)HighLights
- व्हाट्सएप पर ही मिलेंगी एम्स की 8 जरूरी सेवाएं
- घर बैठे मिलेगी अपॉइंटमेंट से लेकर लैब रिपोर्ट
- मरीजों को नहीं डाउनलोड करना होगा कोई ऐप
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। एम्स भोपाल में अब अपाइंटमेंट लेने से लेकर जांच रिपोर्ट पाने तक के लिए अस्पताल के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। एम्स ने एम्स भोपाल व्हाट्सऐप-स्वास्थ्य सेवाएं नाम से नई डिजिटल सेवा शुरू की है। इसका सार्वजनिक परीक्षण वर्जन आम लोगों के लिए शुरू कर दिया गया है।
रोजमर्रा की सेवाओं को आसान बनाना उद्देशय
यह सेवा कार्यपालक निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल डॉ. नरेन्द्र कोतवाल (रि) के निर्देशन में शुरू की गई है। इसका मुख्य उद्देश्य अस्पताल की रोजमर्रा की सेवाओं को आसान बनाना है। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि मरीजों को कोई अलग मोबाइल ऐप डाउनलोड नहीं करना होगा और न ही अलग-अलग पोर्टल पर जाना होगा। सिर्फ व्हाट्सऐप पर ही सारी सुविधाएं मिल जाएंगी। एम्स ने इसकी परिकल्पना एक व्हाट्सऐप, सभी स्वास्थ्य सेवाएं के रूप में की है।
यह भी पढ़ें- इंदौर में दूध के दाम पर किसानों का आर-पार का ऐलान, मांग नहीं मानी तो सप्लाई करेंगे बंद
व्हाट्सऐप पर कौन-कौन सी सेवाएं मिलेंगी?
- इसके जरिए मरीज व्हाट्सऐप पर ही देख सकेंगे कि किस विभाग में डाक्टर कब उपलब्ध हैं और खाली स्लाट के हिसाब से अपाइंटमेंट बुक कर सकेंगे। इससे सिर्फ पर्ची के लिए अस्पताल आने की जरूरत खत्म होगी।
- मरीज अपनी आभा (आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट) पहचान संख्या बना सकेंगे या उसे अस्पताल की सेवाओं से जोड़ सकेंगे। इससे उनके सारे हेल्थ रिकार्ड डिजिटल रूप से सुरक्षित रहेंगे।
- लैब और अन्य नैदानिक जांचों की रिपोर्ट मरीज सुरक्षित तरीके से व्हाट्सऐप पर ही देख और डाउनलोड कर सकेंगे।
- अस्पताल से छुट्टी के समय दिया जाने वाला सारांश (समरी) और अस्पताल द्वारा जारी जन्म और मृत्यु प्रमाण-पत्र भी व्हाट्सऐप से प्राप्त किए जा सकेंगे।
- बाह्य रोगी विभाग और अन्य मरीज सुविधाओं से जुड़ी जानकारी भी व्हाट्सऐप पर उपलब्ध रहेगी।
- यह डिजिटल सुविधा 24 घंटे और सातों दिन उपलब्ध रहेगी। मरीज अपनी सुविधा के अनुसार कहीं से भी इसका उपयोग कर सकेंगे।
- एम्स प्रबंधन का कहना है कि इस पहल से अस्पताल में अनावश्यक भीड़ और लंबी कतारें कम होंगी। मरीजों का समय बचेगा और सेवाएं अधिक पारदर्शी बनेंगी।
इस पहल के माध्यम से एम्स ऐसा डिजिटल माध्यम इस्तेमाल कर रहा है, जिससे लाखों लोग पहले से परिचित हैं। हमारा उद्देश्य जरूरी स्वास्थ्य सेवाओं को मरीजों के लिए अधिक सुलभ और सुविधाजनक बनाना है। हम चाहते हैं कि मरीज केवल व्हाट्सऐप खोलकर एम्स भोपाल से जुड़ सकें।- लेफ्टिनेंट जनरल डॉ. नरेन्द्र कोतवाल (रि), कार्यपालक निदेशक, एम्स भोपाल।