
अंजली राय, भोपाल। मध्य प्रदेश के सरकारी स्कूलों में बच्चों के सीखने के स्तर को लेकर चिंता बढ़ाने वाली तस्वीर सामने आई है। राज्य शिक्षा केंद्र के मूलभूत साक्षरता एवं संख्या ज्ञान (एफएलएन) आकलन के अनुसार, दूसरी से पांचवीं कक्षा तक के करीब 27.82 लाख विद्यार्थियों में से लगभग 80 प्रतिशत बच्चे अपनी कक्षा के अनुरूप दक्षता हासिल नहीं कर पाए हैं। केवल 20 प्रतिशत बच्चे ही अपेक्षित कक्षा-स्तर की दक्षता पर पाए गए।
राज्य शिक्षा केंद्र की ओर से जारी पत्र में कहा गया कि विभिन्न आकलनों में बच्चों का अधिगम स्तर उनकी कक्षा के अपेक्षित स्तर से कम पाया गया है। इस अंतर को कम करने के लिए कक्षा दो से पांचवीं तक की कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए रेमेडिएशन कार्यक्रम यानी दक्षता सुधार के अंतर्गत अतिरिक्त कक्षाएं संचालित की जाएंगी। कक्षा पहली के विद्यार्थियों को इसमें शामिल नहीं किया गया है, क्योंकि इस कक्षा में बच्चों का विद्यालयी अधिगम प्रारंभिक स्तर से शुरू होता है।
बच्चों की सीखने की क्षमता को लेकर नीति आयोग की शैक्षणिक वर्ष 2025-26 की रिपोर्ट में परख-2024 के आंकड़ों के अनुसार, मध्य प्रदेश में तीसरी कक्षा के करीब 66 प्रतिशत बच्चे भाषा को अपेक्षित तरीके से समझ पा रहे हैं। गणित में बच्चों ने 62 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की है।
लेकिन नौवीं कक्षा तक पहुंचते-पहुंचते सीखने के स्तर में गिरावट दिखाई देती है। नौवीं में भाषा समझने वाले बच्चों का प्रतिशत 52 रह जाता है, जबकि गणित में केवल 36 प्रतिशत बच्चे ही बुनियादी सवाल हल करने में दक्ष पाए गए।
यह भी पढ़ें- भोपाल में महंगी हुईं दालें, चना दाल 93 और तुवर 143 रुपये किलो, आटा-शक्कर के दाम घटने से मिली थोड़ी राहत
नीति आयोग की रिपोर्ट में शिक्षकों की गुणवत्ता को लेकर भी चिंता जताई गई है। ई-प्रोजेक्ट के अंतर्गत मध्य प्रदेश, झारखंड और ओडिशा के कई शिक्षक अपने ही विषयों से संबंधित टेस्ट में 60 से 70 प्रतिशत तक अंक हासिल नहीं कर सके। रिपोर्ट में इसके पीछे शिक्षक प्रशिक्षण संस्थानों में सुविधाओं की कमी, बीएड पाठ्यक्रम में प्रायोगिक प्रशिक्षण का अभाव और नियमित प्रशिक्षण नहीं मिलने जैसी वजहें बताई गई हैं।
पांचवीं कक्षा में एफएलएन के माध्यम से बुनियादी अवधारणाओं को समझाया जा रहा है। बच्चों की दक्षता सुधारने के लिए रेमेडिएशन कार्यक्रम चलाया जाएगा। -काजल जावला, अपर मिशन संचालक, राज्य शिक्षा केंद्र