मेट्रो यात्रियों को खुशखबरी: भोपाल-इंदौर स्टेशनों पर आज से टिकट वेंडिंग मशीनें शुरू, खुद निकाल सकेंगे टिकट
भोपाल और इंदौर मेट्रो स्टेशनों पर 30 अक्टूबर से टिकट वेंडिंग मशीनें शुरू हो गई हैं। यात्री अब मशीन के जरिए खुद टिकट निकाल सकेंगे।
Publish Date: Fri, 30 Oct 2026 09:45:57 AM (IST)Updated Date: Fri, 30 Oct 2026 10:07:01 AM (IST)
स्टेशन पर लगाई गई टिकट वेंडिंग मशीन (टीवीएम)। नईदुनिया।HighLights
- टिकट के लिए लाइन से मिलेगी राह
- मशीन के जरिए खुद टिकट निकाल सकेंगे
- 31 दिसंबर तक टिकट पर छूट का ऑफर
डिजीटल डेस्क, भोपाल। भोपाल और इंदौर मेट्रो में सफर करने वाले यात्रियों के लिए शुक्रवार, 30 अक्टूबर से टिकट लेने की प्रक्रिया आसान हो जाएगी। अब यात्रियों को टिकट के लिए काउंटर पर लाइन में लगने की जरूरत नहीं होगी। वे स्टेशन पर लगाई गई टिकट वेंडिंग मशीन (टीवीएम) के जरिए खुद टिकट प्राप्त कर सकेंगे। मेट्रो कॉरपोरेशन ने दोनों शहरों के मेट्रो स्टेशनों पर दो-दो टीवीएम लगाई हैं।
शुरुआत में यात्रियों की सहायता के लिए मशीनों के पास मेट्रो कर्मचारी तैनात रहेंगे। इन मशीनों के माध्यम से यात्री स्वयं टिकट की प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे। यह व्यवस्था रेलवे स्टेशनों पर उपलब्ध टिकट वेंडिंग मशीनों की तरह होगी।
दृष्टिबाधित दिव्यांग यात्रियों की सुविधा के लिए मशीनों में ब्रेल लिपि का भी प्रावधान किया गया है। इससे मेट्रो सेवाओं को अधिक सुलभ और समावेशी बनाने में मदद मिलेगी।
टिकट लेने के अब तीन विकल्प
भोपाल और इंदौर मेट्रो में अब यात्रियों के पास टिकट प्राप्त करने के तीन विकल्प होंगे। पहला, एमपीएमआरसीएल मोबाइल ऐप के माध्यम से डिजीटल टिकट बुक करना। दूसरा, मेट्रो स्टेशन पर उपलब्ध टिकट काउंटर से टिकट लेना और तीसरा, टिकट वेंडिंग मशीन के जरिए स्वयं टिकट प्राप्त करना।
डिजिटल टिकटिंग व्यवस्था के तहत यात्री यूपीआई, क्यूआर कोड और ई-वॉलेट जैसे कैशलेस भुगतान विकल्पों का उपयोग कर सकेंगे। इससे टिकट खरीदने की प्रक्रिया में सुविधा और तेजी आने की उम्मीद है।
31 दिसंबर तक टिकट पर विशेष छूट
मेट्रो यात्रियों को टिकट पर प्रमोशनल डिस्काउंट का लाभ भी दिया जा रहा है। यह व्यवस्था 11 अक्टूबर से 31 दिसंबर 2026 तक लागू है। इसके तहत सिंगल जर्नी टिकट पर 25 प्रतिशत अतिरिक्त छूट, रिटर्न जर्नी टिकट पर कुल 30 प्रतिशत और ग्रुप टिकट पर कुल 35 प्रतिशत छूट दी जा रही है।
ग्रुप टिकट की सुविधा को भी आसान बनाया गया है। अब केवल दो यात्री मिलकर ग्रुप टिकट का लाभ ले सकते हैं।
भोपाल में दो कॉरिडोर पर चल रहा काम
भोपाल में फिलहाल ऑरेंज लाइन के प्रायोरिटी कॉरिडोर में सुभाष नगर से एम्स के बीच मेट्रो का संचालन किया जा रहा है। वहीं, ऑरेंज लाइन के दूसरे चरण में सुभाष नगर से करोंद तक काम जारी है। इसके अलावा ब्लू लाइन पर भदभदा से रत्नागिरी के बीच मेट्रो कॉरिडोर का निर्माण किया जा रहा है।
हालांकि, फिलहाल मेट्रो में यात्रियों की संख्या अपेक्षाकृत कम है और संचालन पर रोजाना लाखों रुपये खर्च हो रहे हैं। ऐसे में टिकटिंग व्यवस्था को आसान बनाने और यात्रियों को सुविधाजनक अनुभव देने के लिए नई मशीनों की शुरुआत की जा रही है।