MP में 850 गंभीर मरीजों को मिला नया जीवन, CM बोले- 'जरूरतमंदों को इलाज दिलाना पुण्य कार्य'
राष्ट्रसेवी शालिगराम तोमर की पुण्यतिथि पर एक माह का अभियान शुरू होगा। 26 नवंबर से उज्जैन संभाग के देवास, आगर-मालवा, शाजापुर, रतलाम, नीमच और मंदसौर में शिविर लगाए जाएंगे।
Publish Date: Sat, 14 Nov 2026 01:51:39 PM (IST)Updated Date: Sat, 14 Nov 2026 01:51:39 PM (IST)
सीएम डॉ. मोहन यादव से उज्जैन के सामाजिक संगठन पूर्णिमाश्री सेवा संगठन के पदाधिकारी गण ने भेंट की। सौ-जनसंपर्क विभागHighLights
- 104 शिविरों में 26 हजार लोगों की जांच
- 26 नवंबर से विशेष स्वास्थ्य अभियान
- सेवा कार्य जारी रखने का मुख्यमंत्री का आह्वान
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। जरूरतमंद नागरिकों की गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं की पहचान कर उन्हें समय पर उपचार उपलब्ध कराना पुण्य कार्य है। ऐसे सेवा कार्यों में निरंतरता बनी रहनी चाहिए। सेवा का सिलसिला कभी थमना नहीं चाहिए। यह बात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार देर शाम अपने आवास पर पूर्णिमा श्री सेवा संगठन के पदाधिकारी और सदस्यों से चर्चा में कही।
26 हजार से अधिक लोगों की जांच
संगठन अब तक 104 शिविर लगाकर 26 हजार से अधिक लोगों की जांच करा चुका है। इनमें करीब 850 हृदय रोगियों और अन्य गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों का उपचार कराया गया है।
संगठन के पदाधिकारियों ने उन्हें बताया कि शाजापुर जिले के निवासी राष्ट्रसेवी शालिगराम तोमर की पुण्यतिथि 26 नवंबर से स्वास्थ्य सेवा का एक माह का विशेष अभियान शुरू किया जाएगा। इसके तहत उज्जैन संभाग के देवास, आगर-मालवा, शाजापुर, रतलाम, नीमच और मंदसौर जिलों में स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे।
अभियान में गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों की पहचान कर उन्हें उपचार उपलब्ध कराने पर विशेष जोर रहेगा।
सीएम ने किया आह्वान
मुख्यमंत्री ने संगठन के सेवा संकल्प को आगे बढ़ाने का आह्वान करते हुए कहा कि समाज के जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने का यह प्रयास लगातार जारी रहना चाहिए। इस अवसर पर पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को साफा बांधकर और त्रिशूल भेंटकर सम्मानित किया।