
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। हाथ में 11 साल के बेटे की तस्वीर वाले पर्चे, आंखों में उसकी एक झलक पाने की उम्मीद और कदमों में थकान के बावजूद तलाश जारी है। उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले के नाराहट गांव के मनोज पटेल पिछले 23 दिनों से इसी तरह शहर-शहर भटक रहे हैं। उनका बेटा वीर 20 अक्टूबर की सुबह घर से लापता हो गया था।
छह दिन तक आसपास के करीब 100 किलोमीटर क्षेत्र में तलाश करने के बाद अब मनोज खुद 1600 पंपलेट लेकर अलग-अलग शहरों में पहुंच रहे हैं। 10 नवंबर को वे पैदल करीब 200 किमी भटकते हुए भोपाल आए और यहां भी सुबह से शाम तक पैदल घूमकर लोगों से बेटे की तस्वीर इंटरनेट मीडिया पर साझा करने की अपील कर रहे हैं।
मनोज ई-रिक्शा चलाते हैं और दुर्गा प्रतिमाएं भी बनाते हैं। परिवार में पत्नी, 11 साल का बेटा वीर और आठ साल की बेटी लीलावती है। वीर पांचवीं कक्षा में पढ़ता है। मनोज बताते हैं कि 20 अक्टूबर की सुबह करीब आठ बजे बेटा घर के पास छांव में कुर्सी पर बैठा था। वे चाय बना रहे थे और पत्नी कपड़े धो रही थीं।
उन्होंने वीर से चाय पीने के लिए भी कहा था। कुछ देर बाद वह अचानक नजर नहीं आया। वीर आमतौर पर बिना बताए कहीं नहीं जाता था। परिवार ने मोहल्ले और आसपास तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।
मनोज ने नवदुनिया को बताया कि शुरुआती छह दिन उन्होंने छतरपुर, बीना, दतिया, ओरछा और आसपास के करीब 100 किलोमीटर क्षेत्र में बेटे को बाइक, ऑटो से खोजा। थाने भी पहुंचे, लेकिन उनका आरोप है कि पुलिस ने न तो बेटे के पोस्टर लगवाए और न ही अपेक्षित मदद की। इसके बाद उन्होंने खुद ही तलाश का जिम्मा उठा लिया। अब तक करीब 55 हजार रुपये खर्च कर चुके हैं। कहते हैं, बेटे से बढ़कर कुछ नहीं है।
यह भी पढ़ें- एमपी भूमि विकास नियम में बड़ा बदलाव, यातायात क्षेत्र में स्कूल-कॉलेज समेत कई गतिविधियों पर प्रतिबंध
करीब 1600 पंपलेट लेकर मनोज ललितपुर, बीना, सागर, झांसी, दतिया, ओरछा और टीकमगढ़ तक पहुंच चुके हैं। रेलवे स्टेशनों और सार्वजनिक जगहों पर लोगों को पर्चे देते हैं। उनसे आग्रह करते हैं कि वीर की तस्वीर इंटरनेट मीडिया पर साझा करें। कई लोग पंपलेट की फोटो खींचकर पोस्ट करते हैं। मनोज के लिए हर पोस्ट और हर अनजान व्यक्ति से मिली जानकारी एक नई उम्मीद है।
इस तलाश में उनका कोई तय ठिकाना नहीं है। मनोज बताते हैं कि वे ललितपुर से कई शहरों के लिए निकले। इसमें अधिकतर सफर पैदल ही तय किया है। मनोज मंदिरों में ही रात गुजार लेते हैं और कहीं प्रसाद मिल जाए तो उसी से पेट भरते हैं। कई बार पूरा दिन बिना खाना खाए निकल जाता है।
भोपाल में उनकी मुलाकात सोशल मीडिया पर लोकप्रिय एसीपी संतोष पटेल से हुई। मनोज कहते हैं कि संतोष पटेल उन्हें भगवान की तरह मिले हैं। उन्हें उम्मीद है कि उनके वीडियो से वीर की तलाश को नई दिशा मिलेगी। मनोज की बस एक ही चाहत है कि कोई उनके बेटे को पहचान ले, कोई खबर दे और 23 दिनों से घर से दूर वीर फिर उनकी गोद में लौट आए।