भोपाल: खेत में खेल रही 5 साल की मासूम की मौत, 3 फीट पानी से भरी टंकी में गिरने से हुआ हादसा
मिसरोद गांव में शनिवार शाम खेत में खेल रही पांच साल की हर्षिका पानी की टंकी में डूब गई। टंकी में करीब तीन फीट पानी भरा था।
Publish Date: Mon, 19 Oct 2026 12:58:15 PM (IST)Updated Date: Mon, 19 Oct 2026 12:58:15 PM (IST)
प्रतीकात्मकHighLights
- खेत में खेल रही पांच साल की हर्षिका पानी की टंकी में डूब गई
- बच्ची के नहीं दिखने पर उसकी तलाश शुरू की गई
- खेत में काम कर रहे एक मजदूर ने बच्ची को टंकी में डूबा देखा
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मिसरोद गांव में शनिवार शाम खेत में खेल रही पांच साल की बच्ची की पानी की टंकी में डूबने से मौत हो गई। टंकी में करीब तीन फीट तक पानी भरा था। घटना के समय बच्ची के स्वजन घर के भीतर थे, जबकि वह खेत में अकेले मौजूद थी।
मिसरोद पुलिस ने बच्ची के शव का पीएम करवाकर मौत के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
खेत में खेलते हुए हादसा
एसआई अरविंद कौरव ने बताया कि रामकिशन आदिवासी अपने परिवार के साथ मिसरोद में आशीष पाटीदार के खेत पर रहकर खेती का काम करते हैं।
उनके चार बच्चे हैं, जिनमें हर्षिका छोटी थी। शनिवार शाम करीब पांच बजे हर्षिका घर के बाहर खेत में खेल रही थी। इस दौरान परिवार के अन्य सदस्य घर के भीतर थे।
मजदूर ने दी सूचना
कुछ देर बाद जब हर्षिका दिखाई नहीं दी तो स्वजन ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान खेत में काम कर रहे एक मजदूर की नजर मवेशियों के पानी पीने के लिए बनी टंकी पर पड़ी।
बच्ची टंकी में डूबी हुई थी। उसे बाहर निकाला गया, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू की।