भोपाल: बैरागढ़ में 13 साल की बच्ची के मुंह में ठूंसा गया था जहरीला रुमाल, पीएम रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि
बैरागढ़ में 13 वर्षीय बच्ची की हत्या के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने दुष्कर्म की पुष्टि की। मुंह में ठूंसे गए रुमाल पर जहरीला पदार्थ भी पाया गया।
Publish Date: Mon, 19 Oct 2026 09:05:24 AM (IST)Updated Date: Mon, 19 Oct 2026 09:05:24 AM (IST)
बच्ची के स्वजन और हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने आरोपित के घर को जमींदोज करने की मांग की है। नईदुनिया।HighLights
- पीएम रिपोर्ट में मुंह में ठूंसे गए रुमाल पर जहरीला पदार्थ भी पाया गया
- 13 वर्षीय बच्ची की हत्या के मामले में पीएम रिपोर्ट ने दुष्कर्म की पुष्टि
- आरोपी के घर पर बुलडोजर एक्शन की मांग, पुलिस ने बढ़ाईं धाराएं
नईदुनिया, प्रतिनिधि, भोपाल। बैरागढ़ में 13 वर्षीय बच्ची की हत्या के मामले में रविवार को फुल पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ गई है, जिसमें अहम खुलासे हुए हैं। रिपोर्ट में बच्ची के साथ दुष्कर्म की आधिकारिक पुष्टि हुई है। साथ ही सामने आया है कि उसके मुंह में जो रुमाल ठूंसा गया था, उस पर जहरीला पदार्थ लगा हुआ था। रुमाल के कारण बच्ची का दम घुट गया था।
पीएम रिपोर्ट में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने प्रकरण में संबंधित धाराओं का इजाफा किया है।
बुलडोजर एक्शन की मांग
मामले को लेकर हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं और बच्ची के स्वजन ने आरोपित के घर को जमींदोज करने की मांग की है। इस मांग को लेकर उन्होंने लगातार दो दिन तक प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि प्रशासन ने कार्रवाई के लिए तीन दिन का समय दिया है। उनका कहना है कि तय समय में कार्रवाई नहीं हुई तो वे दोबारा प्रदर्शन करेंगे।
बाजार से खंडहर में ले जाकर की थी बच्ची की हत्या
बैरागढ़ में 13 वर्षीय बच्ची बाजार गई थी। आरोपित उसे एक खंडहर में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद उसकी गला दबाकर हत्या कर दी और शव को कंबल में लपेटकर छिपा दिया। बच्ची के घर नहीं लौटने पर स्वजन ने तलाश शुरू की, जिसके बाद उसका शव मिला।
घटना सामने आने के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। स्वजन और हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने थाने का घेराव कर आरोपित को फांसी देने की मांग की थी। पुलिस ने मामले में आरोपित को गिरफ्तार कर जांच शुरू की है।