
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। ईंटखेड़ी थाना क्षेत्र के हिमतारा होटल में एक मुस्लिम युवक अपनी महिला मुस्लिम सहकर्मी के आधार कार्ड का इस्तेमाल कर हिंदू युवती को अपने साथ ठहराए हुए था। दोनों के होटल में होने की सूचना मिलते ही जय मां भवानी हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने वहां दबिश दे दी। कार्यकर्ताओं को कमरे की तरफ आते देख युवक-युवती घबरा गए और दूसरी मंजिल की खिड़की से कूदकर होटल के टीनशेड पर भागने लगे।
दोनों करीब 50 फीट तक टीनशेड पर आगे बढ़े, लेकिन रास्ता खत्म होने और नीचे गिरने का खतरा देख वापस लौट आए। इसी दौरान कार्यकर्ताओं ने युवक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। घटना 11 नवंबर की दोपहर करीब तीन बजे की है। इससे जुड़े वीडियो 14 नवंबर को सामने आए हैं।
ईंटखेड़ी पुलिस के अनुसार आरोपित सलमान खान बैरसिया के हर्राखेड़ा का रहने वाला है और एक फाइनेंस कंपनी में काम करता है। युवती मूल रूप से सिरोंज की रहने वाली है और फिलहाल दुपाड़िया में अपने मामा के यहां रह रही है।
बताया गया है कि सलमान युवती को जन्मदिन मनाने के बहाने होटल लेकर पहुंचा था। आरोप है कि उसने युवती की पहचान छिपाने के लिए अपनी महिला मुस्लिम सहकर्मी के आधार कार्ड का इस्तेमाल कर होटल में कमरा बुक कराया था। पुलिस इस आधार कार्ड और होटल में दर्ज दस्तावेजों की जांच कर रही है।
कार्यकर्ताओं ने बताया कि 11 नवंबर को ही युवक-युवती के होटल में होने की सूचना मिल गई थी। इसके बाद सुबह करीब 11 बजे से संगठन के आठ कार्यकर्ता होटल के बाहर नजर रखे हुए थे। दोपहर करीब दो बजे युवक-युवती होटल पहुंचे। इसके बाद कार्यकर्ता होटल स्टाफ के साथ डुप्लीकेट चाबी लेकर दूसरी मंजिल पर स्थित उनके कमरे तक पहुंचे। उन्हें देखकर दोनों ने खिड़की से भागने की कोशिश की, लेकिन कामयाब नहीं हो सके।
यह भी पढ़ें- चॉकलेट का लालच देकर 5 साल की मासूम से दुष्कर्म, कोर्ट ने सुनाई अंतिम सांस तक उम्रकैद, देने होंगे ₹6 लाख
ईंटखेड़ी थाना प्रभारी आशीष सप्रे ने बताया कि पुलिस ने सलमान के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई कर जेल भेज दिया है। होटल संचालक ने फर्जी आइडी देकर रूम बुक करने की शिकायत भी की है, जिससे युवक के खिलाफ धोखाधड़ी का केस भी दर्ज किया गया है। पुलिस अब फर्जी आइडी के इस्तेमाल, होटल प्रबंधन की भूमिका और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।