भोपाल: मजाक-मजाक में कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला, कोलार के बांसखेड़ी में मजदूर ने साथी की गर्दन पर किया वार
विवाद बढ़ने पर आरोपी ब्रजेंद्र अपने घर से कुल्हाड़ी लेकर लौटा और रवि की गर्दन पर वार कर दिया। हमले में रवि गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
Publish Date: Sat, 24 Oct 2026 09:27:32 AM (IST)Updated Date: Sat, 24 Oct 2026 10:27:30 AM (IST)
प्रतीकात्मकHighLights
- हंसी-मजाक के दौरान हुआ विवाद
- गर्दन पर कुल्हाड़ी से किया वार
- घायल की हालत नाजुक बताई जा रही है
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। कोलार क्षेत्र के बांसखेड़ी में गुरुवार दोपहर हंसी-मजाक के दौरान विवाद हो गया। एक मजदूर ने अपने साथी मजदूर की गर्दन पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में 27 वर्षीय रवि बंबेरिया गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
हंसी-मजाक में कहासुनी
पुलिस के अनुसार रवि बंबेरिया बांसखेड़ी क्षेत्र में रहता है और मजदूरी करता है। गुरुवार दोपहर बांसखेड़ी में अपने साथी ब्रजेंद्र दांगी के साथ बैठा था। दोनों के बीच हंसी-मजाक चल रहा था, तभी किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।
बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पहले से भी रंजिश चली आ रही थी। विवाद बढ़ने पर गुस्साए ब्रजेंद्र अपने घर गया और वहां से कुल्हाड़ी लेकर लौटा। इसके बाद उसने रवि की गर्दन पर वार कर दिया। हमले में रवि लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा।
वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक आरोपित फरार हो चुका था।