भोपाल: कोलार में पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला कर पति ने खुद का रेता गला, सुबह बच्चों ने देखा खौफनाक मंजर
भोपाल के कोलार क्षेत्र के अब्बास नगर में शुक्रवार सुबह पति ने कथित तौर पर पत्नी के सिर पर कुल्हाड़ी से तीन वार किए। इसके बाद उसने ब्लेड से अपना गला रेत लिया। दोनों की हालत नाजुक बताई गई है।
Publish Date: Sat, 24 Oct 2026 08:28:44 AM (IST)Updated Date: Sat, 24 Oct 2026 08:28:44 AM (IST)
प्रतीकात्मकHighLights
- भोपाल के कोलार क्षेत्र के अब्बास नगर में दर्दनाक घटना
- सोते समय पत्नी पर पति ने किया कुल्हाड़ी से हमला
- सुबह बच्चों ने देखा खून से लथपथ, दोनों की हालत नाजुक
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। कोलार थाना क्षेत्र के अब्बास नगर में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। पति ने सोते समय पत्नी के सिर पर कुल्हाड़ी से तीन वार किए और इसके बाद ब्लेड से खुद का गला रेत लिया।
दोनों निजी अस्पताल में भर्ती हैं और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने पति के विरुद्ध हत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज किया है। प्रारंभिक जांच में वारदात की वजह पत्नी के चरित्र पर संदेह बताई जा रही है।
सुबह 6:30 बजे जागे बच्चे, सामने था खून से सना दृश्य
पुलिस के अनुसार पीड़िता 38 वर्षीय किरण कंछिया और उसका पति रमेश कन्नोज अपने चार बच्चों के साथ अब्बास नगर में रहती है। रमेश ड्राइवरी का काम करता है। गुरुवार देर रात दंपती के चारों बच्चे घर में सो रहे थे। 16 वर्षीय बड़ी बेटी ने पुलिस को बताया कि मां अंदर वाले कमरे में पिता के साथ सोई थी।
शुक्रवार सुबह करीब साढ़े छह बजे नींद खुली तो मां खून से लथपथ पड़ी थी। इसके बाद बच्चे बाहर वाले कमरे में पहुंचे, जहां पिता सोफे पर खून से लथपथ पड़ा था और गले से खून लगातार बह रहा था। बच्चों की सूचना पर पहुंचे पड़ोसी दोनों को निजी अस्पताल ले गए। पुलिस को मौके से कुल्हाड़ी और ब्लेड मिले हैं। घर का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था।
सिर पर तीन वार, पति के गले का घाव सांस नली तक
एसीपी आलोक श्रीवास्तव ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि महिला के सिर पर कुल्हाड़ी से तीन वार किए गए हैं। इसके अलावा उसके दाएं हाथ और चेहरे पर भी चोटें हैं। वहीं पति के गले पर गंभीर घाव है, जो सांस नली तक पहुंच गया है। दोनों को अस्पताल में निगरानी में रखा गया है।
दुर्घटना के बाद छूटा था काम, बेरोजगारी से बढ़ा तनाव
पुलिस के अनुसार दंपती अब्बास नगर में चार बच्चों के साथ रहते हैं। पति ड्राइवरी करता था, लेकिन करीब दो महीने पहले दुर्घटना में घायल होने के बाद उसका काम छूट गया। पत्नी घरों में काम करके परिवार का खर्च चला रही थी।
बेरोजगारी और घरेलू हालात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। इसी दौरान पति पत्नी के चरित्र पर संदेह करने लगा था। पुलिस इसी विवाद को हमले की संभावित वजह मानकर जांच कर रही है।