
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। रेलवे अधोसंरचना विकास की दिशा में इटारसी-भोपाल-बीना चौथी नई रेल लाइन परियोजना को स्वीकृति मिलने के बाद मध्यप्रदेश के रेल यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। लगभग 4329 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली यह परियोजना भोपाल मंडल के सबसे व्यस्त रेल मार्गों में ट्रेनों का दबाव कम करेगी। परियोजना पूरी होने के बाद भोपाल, इटारसी, विदिशा और बीना रूट से सफर करने वाले लाखों यात्रियों को तेज, सुरक्षित और समयबद्ध यात्रा सुविधा मिल सकेगी।
इटारसी-भोपाल-बीना रेलखंड पर ट्रेनों का अत्यधिक दबाव होने से यात्रियों को अक्सर देरी का सामना करना पड़ता है। चौथी रेल लाइन बनने से अतिरिक्त ट्रैक उपलब्ध होगा, जिससे ट्रेनों का संचालन तेज और सुचारु होगा। इसका लाभ भोपाल से दिल्ली, मुंबई, नागपुर, जबलपुर और दक्षिण भारत जाने वाले यात्रियों को मिलेगा।
नई रेल लाइन बनने के बाद ट्रेनों की समयबद्धता में सुधार आने की संभावना है। वर्तमान में इस रेलखंड पर यात्री ट्रेनों और मालगाड़ियों का अत्यधिक दबाव रहता है, जिससे कई ट्रेनें देरी से चलती हैं। चौथी लाइन तैयार होने पर अलग-अलग ट्रैक पर ट्रेनों का संचालन बेहतर तरीके से किया जा सकेगा। इससे ट्रेनों के क्रासिंग और ओवरटेकिंग में लगने वाला समय कम होगा और यात्रियों की यात्रा अधिक सुविधाजनक बन सकेगी।
यह परियोजना केवल यात्री ट्रेनों के लिए ही नहीं, बल्कि माल परिवहन के लिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। अतिरिक्त रेल लाइन बनने से मालगाड़ियों की आवाजाही तेज होगी, जिससे औद्योगिक और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। इससे कोयला, सीमेंट, खाद्यान्न और अन्य वस्तुओं की सप्लाई अधिक तेजी से हो सकेगी।
प्रस्तावित परियोजना के अंतर्गत 237 रूट किलोमीटर की चौथी रेल लाइन बनाई जाएगी, जबकि ट्रैक की कुल लंबाई 264 किलोमीटर होगी। परियोजना में नौ सुरंगों, चार महत्वपूर्ण पुलों, 39 बड़े पुलों, 151 छोटे पुलों, 43 रोड ओवर ब्रिज और 39 रोड अंडर ब्रिज का निर्माण प्रस्तावित है। इससे रेल नेटवर्क अधिक आधुनिक और सुरक्षित बनेगा।
इस काम को चार वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य है। वर्तमान में सर्वे का कार्य पूरा हो चुका है और भूमि अधिग्रहण व टेंडर प्रक्रिया जारी है। इस वित्तीय वर्ष में परियोजना के लिए 100 करोड़ रुपये का बजट भी आवंटित किया गया है। परियोजना पूरी होने के बाद भोपाल सहित मध्यप्रदेश के लाखों रेल यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी और सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा।