
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। दोस्त को उधार दिए कीमती सामान वापस मांगना एक युवती के लिए मुसीबत बन गया। सामान लौटाने की बात पर विवाद हुआ तो युवक उसे खाना खिलाने के बहाने अपनी कार में बैठाकर ले गया। राजहंस ढाबे के पास उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
युवती ने पिता को वीडियो कॉल कर घटना दिखाई। इसके बाद वह जेके रोड पर कार से उतरकर किसी तरह वहां से भागी और घर पहुंची। रविवार को उसने हबीबगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई।
थाना प्रभारी संजीव चौकसे ने बताया कि 32 वर्षीय युवती मूल रूप से शहडोल की रहने वाली है और 12 नंबर क्षेत्र में रहती है। वह विकास यादव को पिछले दो-तीन साल से जानती है। युवती का आरोप है कि 26 अक्टूबर को विकास उसके फ्लैट से लैपटॉप, तीन महंगी घड़ियां, सोने का कड़ा और चांदी का ब्रेसलेट ले गया था।
31 अक्टूबर की रात करीब साढ़े दस बजे युवती ने सामान वापस मांगा तो विकास ने बताया कि वह उसके साथी सोहेल के पास है और अगले दिन लौटा देगा। युवती ने तत्काल सामान देने की जिद की तो विवाद हो गया।
यह भी पढ़ें- मैनेजर ने सैलरी काटी तो सेल्समैन ने शोरूम से चुराई 23 लाख की कार, पत्नी चलाती मिली, GPS ने खोला राज
आरोप है कि विकास उसे सफेद कार में बैठाकर राजहंस ढाबे के पास ले गया और मारपीट की। उसने पिता को फोन करने पर जान से मारकर फेंकने की धमकी भी दी।
युवती ने पिता को वीडियो कॉल कर आपबीती बताई। इसके बाद वह मिनाल के पास जेके रोड पर कार से उतर गई और रैपिडो से घर पहुंची। उसने पहले भी मारपीट होने की बात कही है। हबीबगंज पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी है।