
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। खराब परफॉर्मेंस के चलते दो महीने तक वेतन में 30-30 प्रतिशत की कटौती से नाराज एक सेल्समैन ने शोरूम से ही 23 लाख रुपये की लग्जरी कार चुरा ली। कार एक ग्राहक ने बुक कराई थी और शनिवार को उसकी डिलीवरी होनी थी, लेकिन डिलीवरी से करीब एक सप्ताह पहले कर्मचारी उसे लेकर गायब हो गया।
शोरूम प्रबंधन ने डिलीवरी से एक दिन पहले कार की तलाश शुरू की। शोरूम के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए तो 25 अक्टूबर की रात एक युवक कार ले जाते हुए दिखा, लेकिन चेहरा स्पष्ट नहीं था। बाद में कार में लगा जीपीएस एक्टिवेट किया गया तो चोरी का राज खुल गया। अशोका गार्डन पुलिस ने आरोपित सेल्समैन गजेंद्र उर्फ ऋषि आनंद की पत्नी से कार जब्त कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
थाना प्रभारी अनुराग लाल ने बताया कि आरोपित गजेंद्र मूल रूप से नर्मदापुरम का रहने वाला है और भोपाल के अशोका गार्डन क्षेत्र में किराए से रहता था। वह जेके रोड स्थित फॉक्सवैगन शोरूम में करीब एक साल से सेल्समैन के रूप में काम कर रहा था। आरोपित ने 25 अक्टूबर को शोरूम से फॉक्सवैगन कार निकाली और उसे अपने घर ले जाकर खड़ा कर दिया।
शोरूम में कार की डिलीवरी की तैयारी चल रही थी, लेकिन निर्धारित समय से पहले ही स्टॉक मिलान में कार गायब मिली। इसके बाद 29 और 30 अक्टूबर को शोरूम प्रबंधन ने अपने स्तर पर तलाश की।
यह भी पढ़ें- MP के रेल यात्री ध्यान दें... नए साल से बदलेगा गोवा एक्सप्रेस का ट्रेन नंबर, बुकिंग के समय रखें ध्यान
सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले गए और कार का जीपीएस सक्रिय कर उसकी लोकेशन ट्रेस की गई। शुक्रवार रात कार नर्मदापुरम रोड स्थित आशिमा मॉल के पास मिली। मौके पर पहुंची पुलिस को आरोपित की पत्नी कार चलाते हुए मिली। जांच में कर्मचारी की भूमिका सामने आई। पुलिस ने कार जब्त कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपित ने पुलिस को बताया कि खराब प्रदर्शन के कारण उसकी सैलरी में लगातार दो महीने तक 30-30 प्रतिशत की कटौती की गई थी। इसी नाराजगी में उसने कार चोरी की।
हालांकि शोरूम मैनेजर सचिन झड़े का कहना है कि आरोपित की सैलरी में कटौती काफी पहले की गई थी। इसके बाद उसे इंसेंटिव भी दिया गया था। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि वारदात में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं।