
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मिसरोद थाना क्षेत्र में एक शादीशुदा युवक ने खुद को अविवाहित बताकर युवती को शादी का झांसा दिया और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। जब युवती को उसकी शादीशुदा होने की सच्चाई पता चली तो उसने उससे दूरी बना ली। इसके बाद युवती ने परिवार की मर्जी से दूसरे युवक से सगाई कर ली।
यह बात पूर्व प्रेमी को नागवार गुजरी। उसने युवती के पुराने निजी फोटो और वीडियो उसके मंगेतर को भेज दिए, जिससे उसकी सगाई टूट गई। परेशान होकर युवती ने मिसरोद थाने में दुष्कर्म का केस दर्ज कराया है।
एसआइ श्वेता शर्मा ने बताया कि 28 वर्षीय पीड़िता मिसरोद क्षेत्र में रहती है और वीडियो एडिटिंग का काम करती है। इसी क्षेत्र में रहने वाले हर्षवर्धन यादव से उसका प्रेम संबंध था। आरोप है कि हर्षवर्धन पहले से शादीशुदा होने के बावजूद खुद को अविवाहित बताता रहा और शादी का वादा कर कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। सच्चाई सामने आने पर युवती ने रिश्ता खत्म कर लिया।
यह भी पढ़ें- विदिशा में बीयर पिलाकर नाबालिग से दुष्कर्म, 48 घंटे बाद पुलिस के हत्थे चढ़ा आरोपी, जांच के लिए बनी SIT
इसके बाद आरोपित ने उसके निजी फोटो-वीडियो मंगेतर को भेजकर सगाई तुड़वा दी। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी है।