
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। आइसीएमआर भोपाल स्मारक अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र (बीएमएचआरसी) में एसिड पीने से पूरी तरह बंद हो चुकी आहार नली वाले 25 वर्षीय युवक की जटिल पुनर्निर्माण सर्जरी सफल रही।
करीब डेढ़ साल से मुंह से भोजन-पानी नहीं ले पा रहे मरीज की कोलोनिक इंटरपोजिशन फार ईसोफेजियल रिप्लेसमेंट सर्जरी की गई। इसमें बड़ी आंत के एक हिस्से को नई आहार नली बनाया गया। इलाज आयुष्मान भारत योजना के तहत निश्शुल्क हुआ। मरीज डिस्चार्ज हो चुका है और मुंह से भोजन लेने लगा है।
उदर रोग शल्यक्रिया विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. प्रमोद वर्मा ने बताया कि मरीज ने डेढ़ साल पहले एसिड पी लिया था। इससे आहार नली गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त होकर पूरी तरह बंद हो गई। एंडोस्कोपी से इसे खोलने का प्रयास किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
बंद नली में स्टेंट डालना भी संभव नहीं था। पहले छोटी आंत तक तरल पोषण पहुंचाने के लिए वैकल्पिक मार्ग बनाया गया था, लेकिन यह स्थायी समाधान नहीं था। आमाशय को भी एसिड से नुकसान पहुंचा था, इसलिए उसे नई नली के रूप में इस्तेमाल नहीं किया जा सका। ऐसे में बड़ी आंत के स्वस्थ हिस्से को विकल्प बनाने का निर्णय लिया गया।
सर्जरी में बड़ी आंत का करीब 20 सेंटीमीटर हिस्सा सावधानीपूर्वक अलग किया गया। रक्त आपूर्ति सुरक्षित रखते हुए इसे ऊपर ले जाकर आहार नली के स्वस्थ हिस्से से जोड़ा गया। दूसरे सिरे को छोटी आंत से जोड़ा गया, जिससे भोजन का नया मार्ग तैयार हुआ। बड़ी आंत के बचे हिस्से को भी आपस में जोड़कर निरंतरता बहाल की गई।
यह भी पढ़ें- ई-अटेंडेंस की वजह से कटेगा वेतन तो हमारे शिक्षक एप का करेंगे बहिष्कार, एमपी में शिक्षकों का अल्टीमेटम
सीटीवीएस विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डा. गिरिराज गर्ग ने बताया कि पुरानी एसिड इंजरी से ऊतकों में बदलाव के कारण सर्जरी काफी चुनौतीपूर्ण थी। नई नली को सुरक्षित मार्ग से ले जाना और दोनों सिरों को सही जगह जोड़ना सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा था।
उदर रोग शल्यक्रिया और सीटीवीएस की संयुक्त टीम ने समन्वय से सर्जरी पूरी की। सर्जरी टीम में एनेस्थीशियोलाजी विभाग के प्रमुख डॉ. अनुराग यादव और एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. शिल्पा तिवारी भी शामिल थीं।
गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त आहार नली का पुनर्निर्माण अत्यंत जटिल प्रक्रिया है। इस मामले में विभिन्न विभागों ने मिलकर मरीज के लिए भोजन का नया मार्ग तैयार किया है। खुशी की बात है कि मरीज अब दोबारा सामान्य तरीके से भोजन ले पा रहा है।- डॉ. मनीषा श्रीवास्तव, प्रभारी निदेशक, बीएमएचआरसी।