
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ की जन्मतिथि 18 नवंबर को है, मगर इसे मनाने के लिए शनिवार को भोपाल में प्रदेशभर से उनके समर्थक जुटे और ताकत भी दिखाई। अंतर बस इतना था कि चेहरा कमल नाथ नहीं उनके पुत्र और छिंदवाड़ा से पूर्व सांसद नकुल नाथ रहे। कमल नाथ के ही अंदाज में वह सबसे मिले-जुले, बधाइयां स्वीकार कीं और केक काटा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी पूरे समय साथ रहे तो प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी भी पहुंचे। नकुल नाथ की दिग्विजय सिंह से वीडियो काल पर बात विधायक बेटे जयवर्धन सिंह ने करवाई।
कमल नाथ समर्थकों ने दीपावली मिलन समारोह भोपाल के उनके सरकारी आवास में आयोजित किया। इसमें कमल नाथ तो नहीं आए मगर उन्होंने नकुल नाथ को भेजा। इसे नकुल नाथ को प्रदेश की राजनीति में सक्रिय करने की कवायद के रूप में देखा गया।
कार्यकर्ता, विधायक और पूर्व विधायक भी जुटे। झंडे, बैनर लगे। 'नकुल नाथ जरूरी है', 'हमारा सीएम कैसा हो- नकुल नाथ जैसा हो' जैसे नारे भी लगे। कार्यकर्ता आते रहे और बधाई देने का सिलसिला दोपहर बाद तक चलता रहा।
यह भी पढ़ें- एमपी के 126 गांवों तक पहुंचेगा नर्मदा का पानी, 1.26 लाख किसानों को होगा फायदा, 15 नवंबर को लोकार्पण
कांग्रेस एकजुट, मीडिया से चर्चा में नकुल नाथ और जीतू पटवारी ने हर सवाल के जवाब दिए। भाजपा द्वारा इस कार्यक्रम को नकुल नाथ की प्रदेश में लांचिंग बताने पर उन्होंने कहा कि चूंकि कमल नाथ नहीं आ पा रहे थे, इसलिए मुझे भेजा। लांचिंग जैसा कुछ नहीं है। मेरा पहला प्यार छिंदवाड़ा है। सक्रियता की जहां तक बात है कि छिंदवाड़ा में लगातार कार्यक्रम होते हैं। कांग्रेस एकजुट और ताकतवर है। आने वाले हर चुनाव में पार्टी को सफलता मिलेगी।
वहीं, जीतू पटवारी ने कहा कि कांग्रेस एकजुटता के साथ काम कर रही है। नकुल नाथ योग्य व्यक्ति हैं और लोकप्रिय हैं। कमल नाथ का मध्य प्रदेश से गहरा नाता है। यह कोई शक्ति प्रदर्शन नहीं बल्कि कार्यकर्ताओं का दीपावली मिलन और कमल नाथ की जन्मतिथि का कार्यक्रम है।