भोपाल गैस त्रासदी: विशेष पीठ करेगी मामले की सुनवाई, हाई कोर्ट में 29 जनवरी को रखे जाएंगे पक्ष
भोपाल गैस त्रासदी के पीड़ितों को उचित चिकित्सा सुविधा और देखभाल उपलब्ध कराने से जुड़ी जनहित याचिका पर हाई कोर्ट की विशेष पीठ सुनवाई करेगी।
Publish Date: Sun, 29 Nov 2026 04:02:41 PM (IST)Updated Date: Sun, 29 Nov 2026 04:02:41 PM (IST)
प्रतीकात्मकHighLights
- हाई कोर्ट की विशेष पीठ सुनवाई करेगी
- सुप्रीम कोर्ट ने तय किए थे 20 बिंदु
- 29 जनवरी को अगली सुनवाई
नईदुनिया प्रतिनिधि,भोपाल। भोपाल गैस त्रासदी के पीड़ितों को उचित चिकित्सा सुविधा और देखभाल उपलब्ध कराने से संबंधित जनहित याचिका की सुनवाई हाई कोर्ट की विशेष पीठ करेगी। मुख्य न्यायाधीश अल्पेश यशवंत कोगजे व न्यायमूर्ति विवेक जैन की युगलपीठ ने सुनवाई के दौरान निर्देश जारी किए।
मामले की अगली सुनवाई 29 जनवरी को भोजनावकाश के बाद निर्धारित की गई है।
सुप्रीम कोर्ट ने तय किए 20 बिंदु
भोपाल गैस पीड़ित महिला उद्योग संगठन की ओर से गैस पीड़ितों की चिकित्सा सुविधा और देखभाल के संबंध में सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की गई थी। सुप्रीम कोर्ट ने मामले में 20 बिंदु निर्धारित कर सुनवाई के लिए हाई कोर्ट स्थानांतरित करने के निर्देश दिए थे। साथ ही प्रकरण की निगरानी के लिए निगरानी समिति गठित की थी, जिसे प्रत्येक तीन माह में हाई कोर्ट के समक्ष रिपोर्ट प्रस्तुत करनी है।
सुनवाई के दौरान निगरानी समिति ने अपनी त्रैमासिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। युगलपीठ ने रिपोर्ट को रिकॉर्ड पर लेते हुए मामले की विस्तृत सुनवाई विशेष पीठ से कराने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित सभी पक्षों को अगली सुनवाई से दो सप्ताह पूर्व विशेष पीठ के समक्ष लिखित पक्ष प्रस्तुत करने कहा है।