गैस त्रासदी के 'दोषियों' ने फिर लगाई भोपाल कोर्ट में अर्जी, 'पीड़ितों' की सुनवाई टालने की कोशिश
गैस त्रासदी के 42 साल बाद भी पीड़ित न्याय का इंतजार कर रहे हैं। दोषियों को जून 2010 में सजा सुनाई गई थी, लेकिन उनकी अपीलें 16 साल से अधिक समय से लंबित हैं। अगली सुनवाई 1 दिसंबर को होगी।
Publish Date: Sat, 28 Nov 2026 01:51:30 PM (IST)Updated Date: Sat, 28 Nov 2026 01:51:30 PM (IST)
प्रतीकात्मक फोटो एआई से तैयार की गई ।HighLights
- धारा 464 पर नए आवेदन देकर अपीलों से पहले सुनवाई की मांग की
- यूनियन कार्बाइड के दो पूर्व अधिकारियों ने कोर्ट में लगाई अर्जी
- कोर्ट ने सीबीआई और गैस पीड़ित संगठनों से 1 दिसंबर तक जवाब मांगा
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। भोपाल गैस त्रासदी मामले में दोषी ठहराए गए यूनियन कार्बाइड इंडिया लिमिटेड के दो पूर्व अधिकारी एसपी चौधरी और जे. मुकुंद ने शुक्रवार को भोपाल सत्र न्यायालय में नए आवेदन दायर किए हैं। आरोपितों ने मांग की है कि दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 464 से संबंधित उनके आवेदन आपराधिक अपीलों की सुनवाई से पहले अलग से तय किए जाएं।
हालांकि, मध्य प्रदेश हाई कोर्ट 9 दिन पहले ही इस मुद्दे पर फैसला दे चुका है। 18 नवंबर को हाई कोर्ट ने आरोपितों की याचिकाओं पर सत्र न्यायालय के आदेश को सही ठहराया था।
हाईकोर्ट ने 30 दिन में सुनवाई करने कहा
सत्र न्यायालय ने धारा 464 से संबंधित आपत्तियों को अपीलों की अंतिम सुनवाई के साथ तय करने का निर्देश दिया था। हाई कोर्ट ने सत्र न्यायालय को आपराधिक अपीलों का जल्द फैसला करने और आदेश की प्रति मिलने के 30 दिन के भीतर सुनवाई पूरी करने का प्रयास करने को कहा था। साथ ही स्पष्ट किया था कि धारा 464 का इस्तेमाल पहले तय हो चुके मुद्दों को बार-बार उठाने या अपील में देरी करने के लिए नहीं किया जा सकता।
1 दिसंबर को होगी सुनवाई
अब सत्र न्यायालय ने नए आवेदनों पर सीबीआई और गैस पीड़ित संगठनों से एक दिसंबर तक जवाब मांगा है। भोपाल ग्रुप फार इंफार्मेशन एंड एक्शन की रचना ढिंगरा ने आरोप लगाया कि ये आवेदन हाई कोर्ट की समय-सीमा को निष्प्रभावी करने का प्रयास हैं। संगठन सत्र न्यायालय से आवेदनों को खारिज करने और अपीलों की रोजाना सुनवाई की मांग करेगा।
उन्होंने कहा कि गैस त्रासदी के 42 साल बाद भी पीड़ित न्याय का इंतजार कर रहे हैं। दोषियों को जून 2010 में सजा सुनाई गई थी, लेकिन उनकी अपीलें 16 साल से अधिक समय से लंबित हैं। अगली सुनवाई एक दिसंबर को होगी।