MP में घायल और बूढ़े बाघों को मिलेगा बेहतर इलाज; बांधवगढ़ के पास आकार लेगा आधुनिक चिड़ियाघर
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने फरवरी 2025 में परियोजना की घोषणा की थी। फिलहाल इसकी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जा रही है।
Publish Date: Sun, 30 Aug 2026 07:59:59 PM (IST)Updated Date: Sun, 30 Aug 2026 07:59:59 PM (IST)
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व, मप्र। फाइल फोटो।HighLights
- बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के पास उमरिया के नौरोजाबाद में जगह तय
- वन्यजीव रेस्क्यू सेंटर सह-चिड़ियाघर के लिए 40 हेक्टेयर जमीन चिह्नित
- घायल, बीमार और बुजुर्ग वन्यजीवों का उपचार, पुनर्वास और संरक्षण की सुविधा
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल । बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के पास वन्यजीव रेस्क्यू सेंटर सह-चिड़ियाघर बनाया जाएगा। इसके लिए बांधवगढ़ के नजदीक उमरिया जिले के नौरोजाबाद नगर परिषद क्षेत्र को चिह्नित किया गया है।
इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में घायल व बीमार जंगली जानवरों को त्वरित उपचार और पर्यटन को बढ़ावा देना है। इसके लिए 40 हेक्टेयर क्षेत्र चिह्नित किया गया है। डीपीआर तैयार की जा रही है।
रेस्क्यू, रिहेब और रिलीज सुविधा केंद्रों का रोडमैप
दरअसल, बाघों के संरक्षण के लिए राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण ने देश में 38 अतिरिक्त सुविधा केंद्र स्थापित करने की सिफारिश की है। रोडमैप टू रेस्क्यू नाम से जारी रिपोर्ट में ट्रिपल आर यानी रेस्क्यू, रिहेब और रिलीज सुविधा केंद्रों का जिक्र किया गया है।
हाल के सालों में बाघों की संख्या बढ़ी है, लेकिन जंगलों के कटने और शहरीकरण की वजह से जंगली जानवर अभयारण्य से बाहर निकल रहे हैं। इसके कारण इंसानों और जानवरों के बीच संघर्ष की स्थिति बन रही हैं। इसको देखते हुए यह वन्यजीव रेस्क्यू सेंटर चिड़ियाघर बनाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने की थी घोषणा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने फरवरी 2025 में यहां रेस्क्यू सेंटर और चिड़ियाघर के निर्माण की घोषणा की। उन्होंने नौरोजाबाद में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण करने पहुंचे थे।
इस दौरान उन्होंने कहा था कि बांधवगढ़ में बीमार होने वाले और बूढ़े बाघों का बेहतर उपचार हो सके, इसके लिए बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के बाहर एक चिड़ियाघर और रेस्क्यू सेंटर बनाया जाएगा।
जबलपुर के चिड़ियाघर की एप्को बना रहा डीपीआर
जबलपुर में भी रानी दुर्गावती के नाम से चिड़ियाघर एवं रेस्क्यू सेंटर बनाया जाएगा। एप्को इसकी डीपीआर बना रहा है। जबलपुर जिले में चिड़ियाघर की स्थापना के लिए एप्को के साथ डीपीआर बनाने के लिए एक अनुबंध किया था। सदस्य सचिव चिड़ियाघर प्राधिकरण नई दिल्ली द्वारा चिड़ियाघर स्थापना की सैद्धांतिक सहमति मिली गई है।