
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। पिपलानी में शादी का झांसा देकर एक युवक तीन साल तक युवती का शारीरिक शोषण करता रहा। जब युवती ने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपित अपने वादे से मुकर गया। इतना ही नहीं, उसने युवती को सबक सिखाने के लिए उसके निजी फोटो और वीडियो रिश्तेदारों को भेजकर वायरल कर दिए।
इस घटना के बाद पीड़िता ने पिपलानी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ दुष्कर्म और अन्य संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है। हालांकि, आरोपित अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
पुलिस के अनुसार, 30 वर्षीय युवती पिपलानी थाना क्षेत्र में रहती है। करीब तीन साल पहले पड़ोस में रहने वाले एक युवक से उसकी दोस्ती हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। इस दौरान युवक ने युवती से शादी करने का वादा किया और कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। वह हर बार जल्द शादी करने का भरोसा देता रहा।
यह भी पढ़ें- एमपी के 30 IAS अधिकारी अगले 14 महीनों में होंगे रिटायर, मुख्य सचिव को मिल सकता है एक्सटेंश
लेकिन जब युवती ने शादी की बात को लेकर उस पर दबाव बनाना शुरू किया तो वह टालमटोली करने लगा और बाद में शादी से साफ मुकर गया। इसके बाद आरोपित ने युवती के निजी फोटो-वीडियो उसके रिश्तेदारों को भेज दिए। एएसआइ सत्येंद्र द्विवेदी ने बताया कि आरोपित निजी काम करता है। उसकी तलाश की जा रही है।