मासूम से घिनौनी करतूत: भोपाल के अयोध्या नगर में 8 साल की बच्ची से पड़ोसी युवक ने की अश्लील हरकत, आरोपी गिरफ्तार
भोपाल के अयोध्या नगर इलाके में घर के बाहर खेल रही आठ साल की बच्ची के साथ पड़ोस में रहने वाले युवक द्वारा अश्लील हरकत किए जाने का मामला सामने आया है।
Publish Date: Sun, 11 Oct 2026 02:32:28 PM (IST)Updated Date: Sun, 11 Oct 2026 02:32:28 PM (IST)
प्रतीकात्मकHighLights
- अयोध्या नगर में आठ साल की बच्ची से छेड़छाड़ का आरोप
- कथित तौर पर बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने घर ले गया
- पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी युवक को गिरफ्तार किया
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी के अयोध्या नगर इलाके में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहाँ घर के बाहर खेल रही 8 साल की एक मासूम बच्ची के साथ पड़ोस में रहने वाले एक युवक द्वारा अश्लील हरकत (छेड़छाड़) करने का मामला प्रकाश में आया है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
बहाने से घर ले गया था आरोपी
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना के समय पीड़िता अपने घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला आरोपी युवक वहां पहुंचा और बहला-फुसलाकर बच्ची को अपने घर ले गया। आरोप है कि वहां उसने बच्ची के साथ अश्लील हरकत की।
घटना के बाद सहमी हुई बच्ची ने रोते हुए घर पहुंचकर अपने परिजनों को पूरी आपबीती बताई। बच्ची की बात सुनकर परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई।
परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने की कार्रवाई
परिजनों ने बिना देर किए थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई के लिए शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया और आरोपी युवक को धर दबोचा।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की वैधानिक जांच की जा रही है ताकि घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी पुष्टि की जा सके।