भोपाल: GPS निकालकर गायब कीं दो कार; किराये से चलवाने का दिया झांसा, आरोपी फरार
आरोपी एक कार लौटाकर दो कारें लेकर गायब हो गया और जीपीएस भी निकाल दिए; चूनाभट्टी पुलिस ने केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
Publish Date: Fri, 20 Nov 2026 02:39:39 PM (IST)Updated Date: Fri, 20 Nov 2026 02:39:39 PM (IST)
प्रतीकात्मक, एआई से तैयार तस्वीरHighLights
- तीन कारें किराये पर चलाने के लिए दी गई थीं
- एक कार लौटाई, जबकि दो कारें लेकर आरोपी फरार
- शाहपुरा थाने में भी कार ले जाने का मामला दर्ज
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। गाड़ियों को किराये पर चलवाकर हर महीने कमाई का भरोसा देकर एक युवक दो कारें लेकर फरार हो गया। आरोपित सौरभ तिवारी फ्रेंड्स कार एजेंसी के नाम से कारोबार संचालित करता था। चूनाभट्टी निवासी अजीत नारिया (30) ने करीब चार महीने पहले उसे किराये पर चलाने के लिए तीन कारें दी थीं। इसके बदले प्रति कार 30 हजार रुपये किराया तय हुआ था।
एक कार वापस की, दो लेकर भागा
आरोपित ने इनमें से एक कार तो वापस कर दी, लेकिन बाकी दो कारें लेकर गायब हो गया। उसने अजीत से संपर्क तोड़ दिया और दोनों कारों में लगे जीपीएस भी निकाल दिए, जिससे उनकी लोकेशन का पता नहीं चल सका। काफी तलाश और संपर्क की कोशिशों के बाद अजीत ने चूनाभट्टी पुलिस से शिकायत की।
पहले भी दर्ज है मामला
पुलिस ने सौरभ तिवारी के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। आरोपित सौरभ के खिलाफ इससे पहले शाहपुरा थाने में भी कार ले जाने के का केस दर्ज हुआ है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।