सागर के बंडा में देसी शराब पीने के बाद दो लोगों की मौत, सरकारी दुकान से खरीदी थी
दोनों को सिरदर्द, उल्टियां और आंखों में जलन की शिकायत हुई। चंद्रभान की अस्पताल पहुंचने से पहले मौत हो गई, जबकि कमलेश ने बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
Publish Date: Fri, 20 Nov 2026 10:46:20 AM (IST)Updated Date: Fri, 20 Nov 2026 11:42:14 AM (IST)
शराब पीने से हुई मौत। वीडियोग्रेबHighLights
- सागर के बंडा में शराब पीने के बाद दो लोगों की मौत
- सिरदर्द, उल्टियां और आंखों में जलन की शिकायत हुई
- सरकारी शराब दुकान से देसी शराब खरीदकर पी थी
नईदुनिया प्रतिनिधि, सागर। बंडा थाना क्षेत्र की गुगरा चौकी अंतर्गत ग्राम सेमरा गोपालमन में शराब पीने के बाद दो लोगों की मौत हो गई। दोनों ने गुरुवार सुबह बंडा स्थित सरकारी शराब दुकान से देसी शराब खरीदी थी। शराब पीने के कुछ देर बाद ही उन्हें सिरदर्द, उल्टियां और आंखों में जलन की शिकायत होने लगी। हालत बिगड़ने पर स्वजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां दोनों को मृत घोषित कर दिया गया।
7 किलोमीटर दूर से लाए शराब
जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान कमलेश लोधी (40) पिता नारायण लोधी और चंद्रभान लोधी (42) पिता मुलायम लोधी निवासी ग्राम सेमरा गोपालमन के रूप में हुई है। चंद्रभान के भाई अरविंद ने बताया कि दोनों गुरुवार सुबह गांव से करीब 7 किलोमीटर दूर बंडा की सरकारी शराब दुकान से शराब लेकर आए थे। सुबह करीब 9 बजे दोनों ने देसी शराब पी थी। इसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी।
रात में बिगड़ी तबीयत
परिजनों के मुताबिक रात करीब 3:30 बजे चंद्रभान की हालत ज्यादा खराब हो गई। उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी की गई, लेकिन इससे पहले ही उसकी मौत हो गई। वहीं कमलेश को गुरुवार शाम बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। यहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
शुक्रवार सुबह चंद्रभान का बंडा अस्पताल और कमलेश का बीएमसी में पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। घटना की सूचना मिलने के बाद आबकारी विभाग की टीम मौके पर पहुंची है। पुलिस भी मामले की जांच कर रही है। हालांकि, दोनों की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
--------------