नगरीय निकायों में खरीदी घोटाले पर एक्शन: MP में 138 अधिकारी-कर्मचारी नपे, किसी की नौकरी गई तो किसी की रुकी वेतन वृद्धि
मप्र के नगरीय निकायों में वर्ष 2023 से अब तक हुई खरीदी के विश्लेषण के बाद कार्रवाई की गई है। 7 कर्मचारियों की सेवा समाप्त की गई, 76 की वेतनवृद्धि रोकी गई और 17 सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पेंशन से वसूली का निर्णय लिया गया।
Publish Date: Sat, 24 Oct 2026 09:54:29 AM (IST)Updated Date: Sat, 24 Oct 2026 09:54:29 AM (IST)
प्रतीकात्मक फोटो, एआई से तैयार की गई है।HighLights
- खरीदी में गड़बड़ी पर 138 अधिकारियों-कर्मचारियों पर कार्रवाई
- 38 अधिकारियों से वसूली के आदेश, 76 की वेतन वृद्धि रोकी गई
- खरीदी में गड़बड़ियों की उच्च स्तरीय जांच करवाएगी सरकार
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। प्रदेश के नगरीय निकायों में खरीदी में गड़बड़ी की बात सामने आने पर सरकार ने उच्च स्तरीय जांच करने का निर्णय लिया है। वहीं, अभी तक 62 मामलों में अधिकारी-कर्मचारी जांच के घेरे में आए। 7 कर्मचारियों सेवा समाप्त की जा चुकी है तो 76 की वेतन वृद्धि रोकी गई।
17 सेवानिवृत कर्मचारियों की पेंशन से वसूली करने का निर्णय लिया गया है। 38 अधिकारियों से वसूली के आदेश दिए गए हैं। वहीं, 22 कर्मचारियों को जांच में आरोप प्रमाणित नहीं होने पर दोष मुक्त किया गया है।
नगरीय विकास एवं आवास विभाग के अपर मुख्य सचिव संजय दुबे ने विभाग अधिकारियों की कार्यशाला में नगरीय निकायों में होने वाली वित्तीय अनियमितताओं को रेखांकित किया था।
वेतनवृद्धि रोकी, अधिकारियों से वसूली
- सतना जिले के कोटर में 3000 लीटर क्षमता का वॉटर टैंकर और ट्रैक्टर-ट्राली बाजार दर से अधिक कीमत पर खरीदने के मामले में उपमंत्री देवरत्न सोनी की वेतनवृद्धि रोकने के साथ एक लाख 45 हजार रुपये की वसूली के आदेश दिए गए।
- सिवनी में तत्कालीन सीएमओ पूजा बुनकर के दो वेतन वृद्धि रोकी।
- गुना में 20 कचरा वाहनों के स्थान पर केवल 10 खरीदे जाने के मामला सामने में वेतन वृद्धि रोकने की कार्रवाई की गई।
- शहडोल के ब्यौहारी में बाजार दर से अधिक भुगतान के मामले में राशि वसूलने के साथ महेंद्र मिश्रा व यशवंत वर्मा की वेतन वृद्धि रोकी।
- ग्वालियर में 32, शहडोल में 25, उज्जैन में 21, इंदौर में 21, जबलपुर में 15, भोपाल में 16 सहित अन्य संभागों में भी कार्रवाई की गई है।
अपर मुख्य सचिव का कहना है कि जहां कहीं भी गड़बड़ी प्रमाणित हुई है वहां कार्रवाई की गई है और आगे भी की जाएगी।