सिपाही लेता रहा खर्राटे, डिटेंशन सेंटर से अफ्रीकी नागरिक फरार; भोपाल में तलैया थाने का मामला
भोपाल के तलैया थाने के डिटेंशन सेंटर से सेनेगल का नागरिक सैमुअल डियोप फरार हो गया। पासपोर्ट नहीं होने के कारण डीआरआई ने पकड़ा था। इस दौरान निगरानी में तैनात सिपाही सो रहा था।
Publish Date: Sat, 21 Nov 2026 09:13:46 AM (IST)Updated Date: Sat, 21 Nov 2026 09:13:46 AM (IST)
डिटेंशन सेंटर से भागा सेनेगल का नागरिक सैमुअल। सौ- पुलिसHighLights
- डिटेंशन सेंटर से सेनेगल का नागरिक सैमुअल डियोप फरार
- पासपोर्ट नहीं होने के कारण डीआरआई ने पकड़ा था
- लापरवाही बरतने पर ड्यूटी पर तैनात सिपाही निलंबित
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। तलैया थाने की सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर लापरवाही सामने आई है। पासपोर्ट संबंधी मामले में डिटेंशन सेंटर में रखा गया सेनेगल का नागरिक सैमुअल डियोप पुलिस निगरानी से फरार हो गया। घटना रात गुरुवार-शुक्रवार रात करीब 3:20 बजे की है।
जिस समय विदेशी नागरिक भागा, उस दौरान ड्यूटी पर तैनात सिपाही सो रहा था। मामले में लापरवाही बरतने वाले सिपाही को निलंबित कर दिया गया है।
पासपोर्ट न होने पर पकड़ा था
सैमुअल को डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (डीआरआई) ने भोपाल में ट्रेन से पकड़ा था। उसके पास पासपोर्ट नहीं होने की जानकारी सामने आने के बाद उसे छह नवंबर को तलैया थाने के डिटेंशन सेंटर में रखा गया था। डीसीपी जोन-3 आयुष गुप्ता ने बताया कि चूंकि वह आरोपित नहीं था, इसलिए उसे सामान्य लॉकअप में हथकड़ी लगाकर नहीं रखा जा सकता था।
तलाश में जुटी पुलिस
ऐसे में उसके लिए तलैया थाने में बनाए गए डिटेंशन सेंटर में रखा गया था। सुरक्षा के लिए एक सिपाही को लाइन से तैनात किया था। रात करीब 3:20 बजे निगरानी में चूक के दौरान वह सेंटर से फरार हो गया। घटना के बाद थाने की सुरक्षा व्यवस्था और ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मी की जिम्मेदारी पर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस अब फरार विदेशी नागरिक की तलाश कर रही है।