इंदौर के बाद MP को मिलेगा दूसरा सरकारी डेंटल कॉलेज, CM मोहन यादव का एलान
मध्य प्रदेश में एक और शासकीय डेंटल कॉलेज खुलेगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल में डेंटल काउंसिल के हीरक जयंती समारोह में घोषणा की।
Publish Date: Fri, 20 Nov 2026 01:52:02 PM (IST)Updated Date: Fri, 20 Nov 2026 01:52:02 PM (IST)
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मध्यप्रदेश राज्य दन्त परिषद की हीरक जयंती समारोह में दन्त चिकित्सकों को सम्मानित किया। सौ-जनसंपर्क विभागHighLights
- मुख्यमंत्री ने शासकीय डेंटल कॉलेज खोलने की घोषणा की
- आगामी दो वर्षों में दो लाख रिक्त पद भरने की तैयारी
- वर्ष 2027 को युवा वर्ष के रूप में मनाने की योजना
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश में एक और शासकीय डेंटल कॉलेज शुरू करने की घोषणा की। फिलहाल इंदौर में प्रदेश का इकलौता शासकीय डेंटल कालेज है। उन्होंने मुंह के कैंसर की रोकथाम और बेहतर उपचार के लिए नीति बनाने की बात भी कही। स्टेट डेंटल काउंसिल से ओरल हेल्थ पॉलिसी का मसौदा प्रस्तुत करने का सुझाव भी दिया।
भरे जाएंगे दो लाख लाख रिक्त पद
मुख्यमंत्री गुरुवार को भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में डेंटल काउंसिल के हीरक जयंती समारोह में बोल रहे थे। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले दंत चिकित्सकों को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों को वर्षों से लंबित पदोन्नति दी है, जिससे एक लाख से अधिक शासकीय सेवक पदोन्नत हुए। 85 हजार पदों पर भर्ती की गई है। आगामी दो वर्ष में दो लाख लाख रिक्त पद भरे जाएंगे।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गरीब, युवा, अन्नदाता और नारीशक्ति- इन चार वर्गों पर जोर दिया है। इसी आधार पर राज्य सरकार ने पहले नारी कल्याण, फिर किसान कल्याण और अब 2027 को युवा वर्ष के रूप में मनाने की तैयारी की है।
कम खर्च में इलाज का आह्वान
युवा दंत चिकित्सकों से संवाद में सीएम ने कहा कि पूरे मन और ऊर्जा से काम करें, क्योंकि अनिच्छा से किया गया कार्य थकान देता है। उन्होंने अच्छी नींद, योग और ध्यान को दिनचर्या में शामिल करने, लोगों से खुले मन से मिलने और झूठ-छल से दूर रहने की सलाह दी।
चिकित्सकों से कार्य में शुद्धता, अपनापन और पारदर्शिता लाने तथा गरीब और जरूरतमंदों को कम खर्च में इलाज उपलब्ध कराने का आह्वान किया।