MP में नए DGP के लिए UPSC की डीपीसी आज, CM की विदेश यात्रा से पहले घोषणा संभव
कैलाश मकवाणा 30 नवंबर को सेवानिवृत्त होंगे, नए पुलिस महानिदेशक के चयन के लिए 20 नवंबर को दिल्ली में यूपीएससी की डीपीसी बैठक है।
Publish Date: Fri, 20 Nov 2026 08:05:54 AM (IST)Updated Date: Fri, 20 Nov 2026 08:26:20 AM (IST)
वरिष्ठता क्रम में 1991 बैच के वरुण कपूर, जेल महानिदेशक उपेंद्र जैन और होमगार्ड महानिदेशक प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव सबसे ऊपर हैं। नईदुनिया।HighLights
- मध्य प्रदेश के नए डीजीपी का चयन
- तीन अधिकारियों का पैनल बनेगा
- उपेंद्र जैन, प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव और वरुण कपूर के नाम शामिल
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया,भोपाल। प्रदेश को पुलिस का नया मुखिया मिलने में अब 11 दिन बाकी हैं। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) कैलाश मकवाणा 30 नवंबर को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। नए डीजीपी के चयन के लिए गुरुवार को संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) दिल्ली में डीपीसी बैठक होगी। इसमें मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल, अपर मुख्य सचिव गृह संजय शुक्ला और डीजीपी कैलाश मकवाणा शामिल होंगे। केंद्रीय गृह मंत्रालय के सचिव एवं यूपीएससी अध्यक्ष या सचिव भी बैठक में मौजूद रहेंगे।
3 आईपीएस अधिकारियों का बनेगा पैनल
राज्य सरकार की ओर से भेजे गए 12 आईपीएस अधिकारियों के नामों में से बैठक में 3 का पैनल बनाया जाएगा। इन्हीं में से एक नाम को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव हरी झंडी देंगे। 23 नवंबर को मुख्यमंत्री विदेश यात्रा पर जा रहे हैं। माना जा रहा है कि उनकी यात्रा से पहले नए डीजीपी की नियुक्ति हो सकती है।
उपेंद्र जैन, प्रज्ञा श्रीवास्तव और वरुण कपूर के नाम आगे
वरिष्ठता क्रम में 1991 बैच के वरुण कपूर, जेल महानिदेशक उपेंद्र जैन और होमगार्ड महानिदेशक प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव सबसे ऊपर हैं। डीजीपी पद के लिए उपेंद्र जैन का नाम सबसे आगे चर्चा में है। वह प्रदेश के चारों अंचलों में पुलिस अधीक्षक रह चुके हैं। उज्जैन में उनके कार्यकाल के दौरान 2004 में सिंहस्थ का आयोजन हुआ था। वहीं, यदि प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव को अवसर मिला तो वह प्रदेश की पहली महिला डीजीपी होंगी।
उल्लेखनीय है कि डीजीपी के लिए यूपीएससी को भेजे 12 नामों के पैनल में सभी स्पेशल डीजी रैंक के अधिकारी हैं। स्पेशल डीजी जेल अखेतो सेमा ने मुख्य सचिव और अपर मुख्य सचिव गृह को पत्र लिखकर पैनल से अपना नाम हटाने का अनुरोध किया था। हालांकि, नाम पहले ही भेजे जा चुके थे, इसलिए प्रारंभिक सूची यथावत है।