
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। शहर में जर्जर मकानों को लेकर नगर निगम की कार्रवाई की रफ्तार का अंदाजा ऐशबाग के जनता क्वार्टर से लगाया जा सकता है। यहां 1986 में बने करीब 600 मकानों को निगम ने वर्ष 2016 में ही जर्जर घोषित कर दिया था। इसके बाद वर्ष 2018 से हर मानसून से पहले नोटिस जारी किए जाते रहे, लेकिन मकानों को गिराने की कार्रवाई नहीं हुई। सोमवार को जाकर इनमें से 599 मकानों को ध्वस्त किया गया।
जनता क्वार्टर की कार्रवाई के साथ शहर में जर्जर मकानों को तोड़ने का आंकड़ा करीब 700 तक पहुंचा है। इसमें ओल्ड सुभाष नगर और गौतम नगर में पाठ्य पुस्तक निगम के करीब 40 क्वार्टरों के साथ पंचशील नगर स्थित क्वार्टर को तोड़ने की कार्रवाई भी शामिल है। इसके बावजूद शहर में करीब 2700 जर्जर मकान अब भी बचे हुए हैं। यानी कुछ इलाकों में बुलडोजर चलने के बाद भी खतरा खत्म नहीं हुआ है।
दरअसल, मानसून से पहले नगर निगम ने शहर में 3485 जर्जर मकान चिह्नित किए थे। इनमें करीब 900 मकान अति जर्जर श्रेणी में रखे गए थे। इन सभी को निगम ने मानसून से पहले नोटिस जारी किए थे। ऐसे मकानों में रहना किसी भी समय हादसे की वजह बन सकता है।
यह भी पढ़ें- विदिशा में सामूहिक दुष्कर्म का एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरे का घर गिराने की तैयारी, दो मकानों पर नोटिस चस्पा
इसके बावजूद चिह्नित मकानों में से बड़ी संख्या में अब तक कार्रवाई का इंतजार है। हर साल बारिश से पहले सर्वे, नोटिस और चेतावनी जारी करने की कवायद होती है, लेकिन जर्जर मकानों को खाली कराने और गिराने की कार्रवाई उसी अनुपात में नहीं दिखती।