
नईदुनिया प्रतिनिधि, विदिशा। किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में फरार आरोपित राकेश अहिरवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दूसरे आरोपित शरद गोस्वामी का मकान गिराने की तैयारी है। मंगलवार को नगर पालिका ने खामबाबा स्थित उसके मकान पर नोटिस चस्पा कर बुधवार सुबह आठ बजे तक दस्तावेज पेश करने को कहा है।
मासूम से दुष्कर्म के एक अन्य मामले में भी आरोपित चंदू खान के मकान को लेकर जारी नोटिस की समय सीमा बुधवार सुबह समाप्त हो रही है। अधिकारियों के मुताबिक, चंदू खान के स्वजन अब तक भवन निर्माण की अनुमति और अन्य दस्तावेज पेश नहीं कर पाए। बुधवार को दोनों मामलों में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।
दरअसल, विदिशा में पिछले पखवाड़े 48 घंटों के भीतर ज्यादती के तीन मामले सामने आए थे। नगर पालिका ने आरोपित चंदू खान के मकान का कुछ हिस्सा गिराया था। लोगों की मांग थी कि पूरा मकान गिराया जाए। इसके बाद चंदू खान को दस्तावेज पेश करने के लिए तीन दिन का अंतिम नोटिस दिया गया था।
यह भी पढ़ें- बेजुबान की अनूठी वफादारी... जिस बुजुर्ग ने रोज खिलाई रोटी, उनकी अंतिम यात्रा में शामिल हुआ 'कालू'
मंगलवार को तीसरी घटना के आरोपित शरद गोस्वामी के खामबाबा स्थित एक मंजिला मकान पर भी नोटिस चस्पा किया गया है। नगर पालिका के एई आरके वर्मा ने कहा कि दोनों मकानों को गिराने के लिए कर्मचारियों की टीमें गठित की गई हैं। पुलिस बल उपलब्ध कराने के लिए थाने में आवेदन भी दिया गया है। बुधवार को अवैध रूप से बने दोनों मकान गिराए जाएंगे।