MP भाजपा में बड़ा फेरबदल; अमित शाह से मिलने के बाद हेमंत खंडेलवाल ने की नियुक्तियां
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात के बाद प्रदेश संगठन के रिक्त पदों पर नियुक्तियां कीं।
Publish Date: Sat, 21 Nov 2026 11:51:49 AM (IST)Updated Date: Sat, 21 Nov 2026 11:51:49 AM (IST)
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने शुक्रवार को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। सौ-सोशल मीडियाHighLights
- अमित शाह से मुलाकात के बाद संगठन में नियुक्तियां
- भाजयुमो में पांच जिलाध्यक्षों सहित नए पदाधिकारियों की घोषणा
- निगम-मंडल और प्राधिकरणों में राजनीतिक नियुक्तियां भी होंगी
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने शुक्रवार को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर पार्टी के कामकाज की जानकारी दी। इसके साथ ही पार्टी संगठन में रिक्त पदों पर नियुक्तियों को लेकर भी चर्चा की।
इस मुलाकात के बाद खंडेलवाल ने वित्त समिति का गठन कर संयोजक व दो सदस्यों की नियुक्त की है। इसके साथ ही प्रदेश सह कोषाध्यक्ष, प्रदेश सत्कार प्रभारी की नियुक्तियां और भाजयुमो में भी पांच नए पदाधिकारियों की घोषणा की है।
राजनीतिक नियुक्तियां भी होंगी
राजनीतिक नियुक्तियां भी जल्द की जा सकती है। इनमें निगम, मंडल व प्राधिकरण में नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। वहीं, एमएसएमई मंत्री चेतन्य कुमार काश्यप को वित्त समिति का संयोजक नियुक्त किया है। मध्य प्रदेश में भाजपा की संगठनात्मक मजबूती और वित्तीय प्रबंधन को सुचारू रूप से चलाने के लिए पहली बार किसी कैबिनेट मंत्री को दायित्व सौंपा है।
इनके साथ ही विधायक मधु वर्मा और भाजपा के प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन को समिति में सदस्य के रूप में शामिल किया है। इंदौर के दीपक टीनू जैन को पार्टी का प्रदेश सह कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। पूर्व सांसद आलोक संजर और भाजपा प्रदेश मंत्री राजेंद्र सिंह को प्रदेश सत्कार प्रभारी नियुक्त किया है।
युवा मोर्चा में भी बदलाव
बता दें कि शिवप्रकाश ने 18 और 19 नवंबर को प्रदेश भाजपा कार्यालय भोपाल में मोर्चा, प्रकोष्ठ, निगम-मंडल, संभागीय और जिला प्रभारियों सहित प्रदेश पदाधिकारियों की अलग-अलग बैठकें ली थीं। उन्होंने पार्टी के रिक्त पदों की भी समीक्षा की थी। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष ने शुक्रवार को अमित शाह से मुलाकात कर पार्टी में रिक्त पदों पर नियुक्तियां शुरू कर दी है।
भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) का आगर जिलाध्यक्ष अभिजीत बजाज को बनाया गया है। नरसिंहपुर जिलाध्यक्ष अभिषेक रघुवंशी व जिला महामंत्री प्रदीप लोधी, सिंगरौली जिलाध्यक्ष लालबाबू वैश्य, आलीराजपुर जिलाध्यक्ष रोशन पचाया और राजगढ़ जिलाध्यक्ष अजय ठाकुर को बनाया गया है।
अनुभवी नेताओं को सौंपी जिम्मेदारी
वहीं, लघु उद्योग निगम के पूर्व अध्यक्ष एवं पार्टी के पूर्व प्रदेश मंत्री बाबू सिंह रघुवंशी को प्रदेश अनुशासन समिति का संयोजक नियुक्त किया है। वहीं, तीर्थ एवं मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष विनोद गोटिया, पूर्व विधायक देवी लाल धाकड़, पूर्व जिलाध्यक्ष अभय चौधरी, भिंड सांसद संध्या राय और विधायक बैरसिया विष्णु खत्री को समिति में सदस्य बनाया है।