MP में मंत्री की नाराजगी के बाद कृषि सचिव का आदेश कैंसिल, बिना पूछे बदले थे अधिकारी
बीज प्रमाणीकरण संस्था के प्रबंध संचालक का प्रभार डीसी कोरी को सौंपने संबंधी दो नवंबर का आदेश कृषि उत्पादन आयुक्त केसी गुप्ता ने निरस्त किया।
Publish Date: Mon, 16 Nov 2026 12:38:27 PM (IST)Updated Date: Mon, 16 Nov 2026 01:00:20 PM (IST)
कृषि सचिव निशांत वरवड़े के आदेश पर विभागीय मंत्री एदल सिंह कंषाना की नाराजगी के बाद कृषि उत्पादन आयुक्त केसी गुप्ता ने निरस्त कर दिया। नईदुनिया।HighLights
- प्रभार बदलाव के लिए जारी कृषि सचिव का आदेश निरस्त
- विभागीय मंत्री एदल सिंह कंषाना की अनुमति नहीं ली थी
- मंत्री की नारजगी के बाद अधिकारी पुरानी पदस्थापना पर रहेंगे
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। कृषि सचिव निशांत वरवड़े के बीज प्रमाणीकरण संस्था के प्रबंध संचालक का प्रभार डीसी कोरी को देने के संबंधी आदेश को विभागीय मंत्री एदल सिंह कंषाना की नाराजगी के बाद कृषि उत्पादन आयुक्त केसी गुप्ता ने निरस्त कर दिया।
बदला था डीसी कोरी का प्रभार
सचिव ने इस पदस्थापना के लिए विभागीय मंत्री से अनुमोदन नहीं लिया। कृषि उत्पादन आयुक्त के माध्यम से भी प्रकरण प्रस्तुत नहीं किया। वरवड़े ने दो नवंबर के संस्था के प्रबंध संचालक का प्रभार डीसी कोरी को सौंपने के आदेश जारी किए थे। कोरी कृषि संचालनालय में अपर संचालक पदस्थ थे। वहीं, संस्था के प्रबंध संचालक रेवा सिंह सिसौदिया को कृषि संचालनालय में पदस्थ कर दिया गया था।
नियमों की अनदेखी
नियमानुसार प्रथम श्रेणी के अधिकारी की पदस्थापना के संबंध में कृषि उत्पादन आयुक्त के माध्यम से प्रकरण प्रस्तुत किया जाना था। विभागीय मंत्री के अनुमोदन उपरांत आदेश जारी होने थे लेकिन इसका पालन नहीं किया गया।
मंत्री ने जताई आपत्ति
विभागीय मंत्री की जानकारी में मामला आने पर उन्होंने दो नवंबर को ही नोटशीट लिखकर आपत्ति जताते हुए कहा कि भविष्य में ऐसे निर्णयों से पहले उनकी स्वीकृति ली जाए और दोनों आदेश निरस्त कर दिए।
इसके बाद कृषि उत्पादन आयुक्त ने आदेश जारी किया कि सचिव द्वारा निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया, इसलिए दोनों आदेश शून्य हैं और दोनों अधिकारियों की पदस्थापना जहां के तहां रखी जाती है।