
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। ऐशबाग स्थित हाउसिंग बोर्ड के करीब 600 जनता क्वार्टर खाली कराने और प्रस्तावित तोड़फोड़ की कार्रवाई से नाराज महिलाएं शनिवार शाम पांच बजे चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास कैलाश सारंग के 74 बंगला स्थित निवास पहुंचीं। महिलाओं ने मंत्री से मुलाकात कर परिवारों को बेघर होने से बचाने और वैकल्पिक आवास उपलब्ध कराने की गुहार लगाई।
महिलाओं ने कहा कि वे वर्षों से जनता क्वार्टर में रह रही हैं। अचानक मकान खाली करने के नोटिस मिलने से उनके सामने रहने का संकट खड़ा हो गया है। परिवारों में छोटे बच्चे और बुजुर्ग हैं। किराये पर मकान लेना उनकी आर्थिक स्थिति से बाहर है। महिलाओं ने भावुक होकर कहा कि अगर मंत्री उनकी मदद नहीं कर सकते तो उनसे राखी वापस ले लें, लेकिन उन्हें बेघर होने से बचाएं।
महिलाओं ने जर्जर मकानों को खाली कराने की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए और पहले पुनर्वास की व्यवस्था करने की मांग की। इधर मंत्री के पीए मुकेश लोधी ने बताया कि महिलाएं पहुंची थी, जिनका पक्ष सुन लिया गया था लेकिन प्रशासनिक कार्रवाई में हस्तक्षेप नहीं किया जा सकता है।
यह भी पढ़ें- एमपी में सर्दी के साथ जहरीली हुई हवा, सिंगरौली में AQI 334 और मंडीदीप में 298 पार, भोपाल-इंदौर भी खराब
हाउसिंग बोर्ड द्वारा आवास खाली करने के लिए नोटिस थमाए गए थे, जिससे रहवासियों में आक्रोश व भय का माहौल है। इसी बीच गुरुवार को तीन महिला कमलाबाई, सीमा खान व लइका बी ने जहर खा लिया था। जिन्हें उपचार के लिए हमीदिया अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, अब उनकी हालत में सुधार है।