
सुशील पांडेय, नवदुनिया, भोपाल। मध्यप्रदेश में घूमने आने वाले विदेशी और घरेलू सैलानियों को अब उस स्थल के बारे में जानने के लिए भाषा की परेशानी भी नहीं होगी। मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड ने प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर एआइ-पावर्ड डिजिटल टूरिज्म असिस्टेंट तैनात करने का फैसला किया है।
नीवू एआइ नाम का यह डिजिटल गाइड 130 भारतीय और विदेशी भाषाओं में बातचीत कर सकता है। पर्यटक आवाज और टेक्स्ट दोनों के जरिए सवाल पूछ सकेंगे और अपनी भाषा में ही पर्यटन स्थल की जानकारी, इतिहास, धार्मिक महत्व, परिवहन और होटल से जुड़ी जानकारी ले सकेंगे। इसी महीने भोपाल हुए मध्य प्रदेश टूरिज्म मार्ट में इसके लिए एक्सप्लरजर प्राइवेट लिमिटेड के एमओयू साइन किया है।
पहले चरण में जनवरी 2027 तक प्रदेश के 50 पर्यटन स्थलों पर एआइ-पावर्ड असिस्टेंस को स्थापित करने का लक्ष्य है। दूसरे चरण में 100 प्रमुख गंतव्य में यह डिजिटल गाइड स्थापित होगा। इस परियोजना को पूरा होने में करीब तीन साल लगेंगे। कंपनी ने महत्वपूर्ण स्थलों पर सर्वे का काम शुरू कर दिया है। इसका प्रयोग उज्जैन सिंहस्थ 2028 में भी किया जाना है। इस माध्यम से मेले की पूरी जानकारी के साथ आसपास के स्थलों के बारे में पता चलेगा।
पर्यटकों के लिए चुनींदा टूरिस्ट डेस्टिनेशन पर क्यूआर कोड वाले बोर्ड और कियोस्क लगाए जाएंगे। सैलानी को सिर्फ क्यूआर स्कैन करना होगा और मोबाइल या लैपटाप ब्राउजर पर ही बिना कोई एप डाउनलोड किए, बिना रजिस्ट्रेशन और बिना किसी भुगतान के पूरी जानकारी मिल जाएगी। यह वर्चुअल साथी की तरह इंटरैक्टिव स्टोरी, पर्सनलाइज्ड ट्रैवल सुझाव देगा और कस्टमाइज टूर प्लान भी बनाकर देगा।
इस डिजिटल गाइड के माध्यम से केवल पर्यटक ही जरूरी जानकारी नहीं लेंगे, बल्कि पर्यटन विभाग को भी पर्यटकों का रियल टाइम फीड बैक मिलेगा। पर्यटन बोर्ड को एक एनालिटिक्स डैशबोर्ड मिलेगा, जिससे पता चलेगा कि पर्यटकों की रुचि क्या है, वे कौन सी भाषा ज्यादा इस्तेमाल कर रहे हैं और किस जगह पर कितनी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं।
यह तकनीक प्रदेश के ऐतिहासिक स्मारकों, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, वन्य-जीवन और प्राकृतिक स्थलों को दुनिया भर के सैलानियों के लिए और अधिक सुलभ बनाएगी। इस एआइ प्लेटफार्म से प्राप्त डेटा के जरिए डेस्टिनेशन प्लानिंग, मार्केटिंग रणनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट और भविष्य की नीतियां तैयार करने में बड़ी मदद मिलेगी।- डॉ. इलैयाराजा टी, सचिव, पर्यटन विभाग एवं एमडी, एमपी टूरिज्म बोर्ड