
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। देवउठनी एकादशी पर आतिशबाजी के बाद एक बार प्रदेश के कई शहरों में हवा खराब हो गई। ग्वालियर 364 एक्यूआइ के साथ सबसे प्रदूषित शहर रहा। यहां हवा बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गई। सागर, उज्जैन, पीथमपुर, बैतूल और भोपाल में भी एक्यूआइ 300 के पार दर्ज किया गया। यानी आतिशबाजी के बाद प्रदेश के छह शहरों में हवा की गुणवत्ता बेहद खराब स्तर पर पहुंच गई।
मप्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, 19 नवंबर को ग्वालियर का एक्यूआइ 281 था, जो 21 नवंबर को 364 पहुंच गया। भोपाल में इसी अवधि में एक्यूआइ 189 से बढ़कर 303 हो गया। यानी दोनों शहर खराब हवा से बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गए। प्रदेश के छह शहरों में एक्यूआइ 300 पार दर्ज होना हवा की बिगड़ती स्थिति बताता है।
ग्वालियर में तीन दिन में एक्यूआइ 83 अंक बढ़ा और यह प्रदेश में सबसे प्रदूषित शहर रहा। भोपाल में 114 अंक की बढ़ोतरी दर्ज हुई। सागर में 19 नवंबर को एक्यूआइ 200 था, जो 21 नवंबर को 330 पहुंच गया। उज्जैन में भी 150 से बढ़कर 320 हो गया। इन शहरों में हवा बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गई। पीथमपुर में प्रदूषण तीनों दिन 250 से ऊपर रहा और 21 नवंबर को 313 दर्ज किया गया।
यह भी पढ़ें- MP में हवा की हालत चिंताजनक, ग्वालियर-सिंगरौली का AQI 300 पार, प्रदेश में 10 वायु निगरानी केंद्र बंद
शहर एक्यूआई
ग्वालियर 364
सागर 330
उज्जैन 320
पीथमपुर 313
बैतूल 305
भोपाल 303
एक्यूआई हवा की स्थिति
0–50 अच्छा
51–100 संतोषजनक
101–200 मध्यम
201–300 खराब
301–400 बेहद खराब
401–500 गंभीर।