
सौरभ सोनी, भोपाल। मध्य प्रदेश में आठ बाघों की मौत ने कैनाइन डिस्टेंपर वायरस (सीडीवी) को लेकर 10 राज्यों के वन विभाग की चिंता बढ़ा दी है। मध्य प्रदेश से लगे राज्यों- राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, केरल, तमिल नाडु के टाइगर रिजर्व के लिए भी इस वायरस का खतरा बना हुआ है।
यही कारण है कि इन राज्यों के वन अधिकारियों ने राजस्थान के अलवर स्थित सरिस्का टाइगर रिजर्व में इस वायरस की रोकथाम को लेकर चिंतन-मंथन किया। इसमें रोग की समय पर पहचान, जैविक नमूना संग्रह, रिमोट बायोप्सी और फोरेंसिक नमूना संग्रह जैसे विषयों पर चर्चा की गई।
बता दें कि मध्य प्रदेश में पिछले आठ माह में आठ बाघों की मौत सीडीवी से होने की पुष्टि हो चुकी है, लेकिन अनुमान इससे अधिक मौतों का है। जबलपुर हाई कोर्ट में दायर एक याचिका में 20 बाघों की संदिग्ध मौतों को इसी वायरस से जोड़ा गया है। हाई कोर्ट में इस मामले की सुनवाई होनी है।
उल्लेखनीय है कि जहां बाघों के विचरण क्षेत्र के आसपास के गांवों में पालतू पशु और कुत्ते अधिक होते हैं, वहां इस वायरस की चुनौती अधिक है। इससे निपटने के लिए मध्य प्रदेश में कुत्तों का टीकाकरण कर बूस्टर डोज भी लगाया गया है।
यह भी पढ़ें- एमपी के 39 जिलों में जल संकट की आहट, सरकार ने शुरू किया जल गंगा संवर्धन अभियान, 353 करोड़ होंगे खर्च
संक्रमित कुत्ता जल स्रोत का पानी पी ले और यदि बाघ भी वहीं पानी पी ले, तो वह संक्रमित हो जाता है। ऐसे ही किसी शिकार (जैसे हिरण या मवेशी) के अवशेष को पहले संक्रमित कुत्तों ने खाया या नोचा हो और बाद में बाघ या शावक उसे खा लें, तो भी वह संक्रमित हो जाता है। यह वायरस सीधे बाघ के श्वसन तंत्र (फेफड़े), पाचन तंत्र और तंत्रिका तंत्र (नर्वस सिस्टम) पर हमला करता है।
समय रहते सीडीवी की रोकथाम कर ली गई। कुत्तों का टीकाकरण कर बूस्टर डोज लगाए गए। एनटीसीए की गाइडलाइन का पालन किया जा रहा है, बाघों के प्रबंधन के लिए हर संभव प्रयास जारी है। - डॉ. समीता राजौरा, मुख्य वन्यप्राणी अभिरक्षक, मप्र वन