Bhopal Railway: अब कोहरे में नहीं थमेंगी ट्रेनें,फॉग सेफ्टी डिवाइस से लैस हुए लोको पायलट
जीपीएस आधारित डिवाइस लोको पायलटों को आगे आने वाले सिग्नल, रेलवे क्रासिंग और गति सीमा की जानकारी करीब 500 मीटर पहले वाइस और स्क्रीन अलर्ट के जरिए देती है।
Publish Date: Wed, 18 Nov 2026 11:44:18 AM (IST)Updated Date: Wed, 18 Nov 2026 11:44:18 AM (IST)
प्रतीकात्मक फोटो, एआई से तैयारHighLights
- भोपाल मंडल में 650 फॉग सेफ्टी डिवाइस
- जीपीएस डिवाइस से 500 मीटर पहले मिलेगा अलर्ट
- पोर्टेबल डिवाइस में करीब 18 घंटे का बैटरी बैकअप
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। सर्दियों की शुरुआत के साथ ही रेलवे के सामने कोहरे में ट्रेनों का सुरक्षित और समय पर संचालन सुनिश्चित करने की चुनौती रहती है। दिसंबर से घना कोहरा छाने के कारण कई रेलखंडों में दृश्यता कम हो जाती है। ऐसे में लोको पायलटों को ट्रैक और सिग्नल देखने में परेशानी होती है, जिसके चलते ट्रेनों की रफ्तार नियंत्रित करनी पड़ती है। इसका असर ट्रेनों के परिचालन समय पर भी पड़ता है।
इस बार यात्रियों को ऐसी परेशानियों से बचाने और कोहरे में सुरक्षित ट्रेन संचालन सुनिश्चित करने के लिए भोपाल रेल मंडल ने तैयारी की है। मंडल में फॉग सेफ्टी डिवाइस की संख्या बढ़ाकर 650 कर दी गई है। साथ ही सभी क्रू मेंबर्स को ये डिवाइस उपलब्ध करा दी गई हैं।
जीपीएस तकनीक से 500 मीटर पहले मिलेगा अलर्ट
फाग सेफ्टी डिवाइस जीपीएस आधारित तकनीक पर काम करती है। यह लोको पायलट को आगे आने वाले सिग्नल, लेवल क्रासिंग और गति सीमा से संबंधित जानकारी पहले ही उपलब्ध कराती है। डिवाइस में वाइस और स्क्रीन अलर्ट की सुविधा है, जिससे लोको पायलट को कोहरे के दौरान भी आगे की स्थिति का अंदाजा लगाने में मदद मिलती है।
यह करीब 500 मीटर पहले ही चेतावनी देना शुरू कर देती है। इससे लोको पायलट समय रहते ट्रेन की गति नियंत्रित करने और आवश्यक सावधानी बरतने में सक्षम होते हैं।
पहले ये होती थी समस्या
फॉग सेफ्टी डिवाइस के बिना घने कोहरे में लोको पायलटों को सिग्नल, रेलवे क्रॉसिंग और ट्रैक देखने में परेशानी होती थी। कम दृश्यता के कारण ट्रेनों की रफ्तार नियंत्रित करनी पड़ती थी। इससे ट्रेनें देरी से चलती थीं और अन्य ट्रेनों का शेड्यूल भी प्रभावित होता था।
18 घंटे का बैटरी बैकअप, हर मौसम में उपयोगी
यह डिवाइस हल्की और पोर्टेबल है। इसमें करीब 18 घंटे का बैटरी बैकअप मिलता है। इसे अलग-अलग तरह के इंजन और रेलमार्गों पर इस्तेमाल किया जा सकता है। खास बात यह है कि कोहरा हो या सामान्य मौसम, इसकी कार्यक्षमता पर असर नहीं पड़ता। इससे लोको पायलटों को परिचालन के दौरान अतिरिक्त तकनीकी सहायता मिलती है।
भोपाल मंडल में फॉग सेफ्टी डिवाइस 650 डिवाइस
| माह / वर्ष | उपलब्ध डिवाइस की संख्या | वृद्धि / स्थिति |
| जनवरी 2024 | 299 | प्रारंभिक उपलब्धता |
| नवंबर 2024 | 341 | +42 डिवाइस की वृद्धि |
| दिसंबर 2025 | 341 | यथावत |
| नवंबर 2026 | 650 | +309 डिवाइस की बड़ी बढ़ोतरी (सभी क्रू मेंबर्स को उपलब्ध) |
सभी क्रू मेंबर्स को फॉग सेफ्टी डिवाइस दे दिए गए हैं। उम्मीद है कि इस सर्दी में यात्रियों को कोहरे के कारण अतिरिक्त समय नहीं गंवाना पड़ेगा। रेलवे का प्रयास है कि सुरक्षा के साथ ट्रेनों का संचालन सुचारू रखा जा सके।-डॉ. मधुर वर्मा, सीपीआरओ, जबलपुर