
पंकज श्रीवासतव, भोपाल। राजधानी भोपाल में सर्दी का मिजाज इस बार पिछले साल के मुकाबले बिल्कुल जुदा नजर आ रहा है। बीते साल जहां नवंबर महीने में रिकार्ड 16 दिनों तक शीतलहर ने लोगों को कंपकंपाया था, वहीं इस बार नवंबर की विदाई के वक्त पिछले तीन दिनों से राजधानी में शीतलहर चल रही है। बुधवार से शुरू हुआ शीतलहर का प्रकोप शुक्रवार को लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा।
खास बात यह है कि पूरे मध्य प्रदेश में भोपाल इकलौता ऐसा शहर है, जहां लगातार तीन दिनों से शीतलहर चल रही है। प्रदेश में उत्तर से आ रही बर्फीली हवाओं के कारण रात की गलन के साथ अब दिन में भी सर्द हवाओं ने लोगों को गर्म कपड़ों में लिपटने पर मजबूर कर दिया है। मौसम विभाग ने शनिवार के लिए भी भोपाल समेत शाजापुर, दमोह और कटनी में शीतलहर का यलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विशेषज्ञ अजय कुमार शुक्ला ने बताया कि पिछले साल नवंबर में भोपाल में कुल 16 दिन शीतलहर चली थी। मौसम विज्ञानी पीके रायकवार ने पिछले सीजन 2025-26 का पूरा लेखा-जोखा साझा करते हुए बताया कि चार महीने के विंटर सीजन में कुल 32 दिन शीतलहर का प्रकोप रहा था। सबसे ज्यादा असर नवंबर और दिसंबर में देखने को मिला, जबकि फरवरी में एक भी दिन शीतलहर नहीं चली।
शुक्रवार को प्रदेश के कई हिस्सों में रात के पारे में अचानक बड़ी गिरावट दर्ज की गई। कटनी जिले के करौंदी में न्यूनतम तापमान 6.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो प्रदेश में सबसे कम था। प्रमुख शहरों में हिल स्टेशन पचमढ़ी में 12.2 डिग्री को पीछे छोड़ते हुए दमोह 6.6 डिग्री के साथ सबसे ठंडा शहर रहा। यहां रात के तापमान में 4.1 डिग्री की गिरावट आई।
यह भी पढ़ें- भोपाल के सैकड़ों परिवारों को मिलेगा अपना घर, महापौर परिषद ने की आवासों की रजिस्ट्री मंजूर, जल्द मिलेगी चाबी
वहीं, भोपाल में पारा 4.7 डिग्री लुढ़ककर 8.6 डिग्री पर आ गया। इसके अलावा रायसेन में 3.8 डिग्री और जबलपुर में 3.5 डिग्री की गिरावट ने सिहरन बढ़ा दी है। दिन के तापमान में नर्मदापुरम 30.8 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहा, जबकि गुना में 30.5 डिग्री, धार में 30.2 डिग्री और इंदौर में 30.1 डिग्री में भी पारा 30 डिग्री के पार दर्ज किया गया।
| महीना | किन तारीखों में चली शीतलहर | कुल दिन |
| नवंबर 2025 | 8 से 21 नवंबर (लगातार 14 दिन), 29 व 30 नवंबर | 16 दिन |
| दिसंबर 2025 | 6 से 11 दिसंबर, 13 दिसंबर, 15 से 18 दिसंबर, 27 से 30 दिसंबर | 15 दिन |
| जनवरी 2026 | केवल 6 जनवरी को | 01 दिन |
| फरवरी 2026 | एक भी दिन नहीं | 00 दिन |
| कुल योग | पूरे विंटर सीजन में शीतलहर का असर | 32 दिन |
| शहर | अधिकतम तापमान (°C) | न्यूनतम तापमान (°C) |
| भोपाल | 28.6 | 8.6 |
| इंदौर | 30.1 | 11.5 |
| ग्वालियर | 29.0 | 10.2 |
| जबलपुर | 27.4 | 9.4 |
नोट -- तापमान डिग्री सेल्सियस में