
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। दसवीं कक्षा में पढ़ने वाले छात्रों के बीच दोस्ती में दरार को लेकर जमकर विवाद हो गया और बात मारपीट से लेकर अपहरण तक पहुंच गई। एक छात्र ने अपने साथी से बातचीत बंद कर दी तो दूसरे छात्र ने इसे लेकर विवाद शुरू कर दिया। इसके बाद दो छात्रों को स्कूल की छुट्टी के बाद रास्ते से अगवा कर बाइक पर बैठाकर करीब तीन किलोमीटर तक घुमाया गया।
फिर सुनसान जगह पर ले जाकर उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। कोलार रोड पर शनिवार दोपहर हुई घटना में आधा दर्जन से अधिक किशोरों के शामिल होने की बात सामने आई है। पुलिस ने चार छात्रों समेत अन्य आरोपितों के खिलाफ अपहरण, मारपीट सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार घटना शनिवार दोपहर करीब 1:45 बजे रोजमेरी स्कूल के पीछे बंजारी स्थित गेट के पास हुई। स्कूल की छुट्टी के बाद बाहर निकले दोनों छात्रों को बाइक सवार किशोरों ने घेर लिया। इससे पहले कि वे कुछ समझ पाते, आरोपित उन्हें जबरन बाइक पर बैठाकर अपने साथ ले गए। करीब तीन किलोमीटर तक अलग-अलग रास्तों से घुमाने के बाद सुनसान जगह पर मारपीट की।
आरोपियों ने उन्हें दोबारा सामने आने पर जान से खत्म करने की धमकी भी दी। बाद में राजीव गांधी कॉलेज, सनखेड़ी के पास छोड़कर फरार हो गए। दोनों छात्रों ने घर पहुंचकर स्वजन को घटना बताई, जिसके बाद कोलार थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।
यह भी पढ़ें- महिला आरक्षण पर एमपी में सियासी हलचल, भाजपा गांव-गांव में लगाएगी चौपाल, कांग्रेस देगी चुनावी प्रशिक्षण
कोलार थाना प्रभारी संजय सोनी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपित और पीड़ित छात्र दसवीं कक्षा में पढ़ते हैं। स्कूल में उनके बीच पहले भी विवाद हो चुका था। एक छात्र ने आरोपित छात्र से बातचीत बंद कर दी थी, जिसको लेकर दूसरे छात्र ने नाराजगी जताई।
इसी बात पर विवाद बढ़ा और दोनों छात्रों को अगवा कर मारपीट की गई। पुलिस सभी आरोपितों की पहचान और उनकी उम्र की पुष्टि कर रही है। पूछताछ के बाद विवाद की पूरी वजह स्पष्ट होगी।