
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। 2029 से लोकसभा व विधानसभाओं में 33 प्रतिशत महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयक को लेकर भाजपा मध्य प्रदेश में बड़े कार्यक्रम करने की तैयारी में है। पार्टी गांव-गांव में चौपाल लगाकर जनता को इसका लाभ बताएगी। आमजन को इस कानून के महत्व और उनके राजनीतिक सशक्तीकरण के बारे में विस्तार से बताया जाएगा।
साथ ही प्रचारित किया जाएगा कि कांग्रेस द्वारा महिलाओं को आगे बढ़ने से रोकने का प्रयास किया जा रहा है। इसको लेकर सोमवार को सभी जिला मुख्यालयों पर मीडिया संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
जिलों में जिला अध्यक्ष व जनप्रतिनिधि बताएंगे कि महिला सशक्तीकरण की दिशा में यह विधेयक महत्वपूर्ण है। पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि इन चौपालों का उद्देश्य केवल सरकार की उपलब्धियों को गिनाना ही नहीं, बल्कि जनता को विपक्षी दलों, विशेषकर कांग्रेस के रुख से भी अवगत कराना है। पार्टी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए गए हैं कि वे ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं के बीच जाकर यह स्पष्ट करें कि केंद्र सरकार 2029 से इस आरक्षण को हर हाल में लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है।
इधर, मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस भी इस बदलते समीकरण को देखते हुए सक्रिय हो गई है और उसने भी प्रदेश में महिला कार्यकर्ताओं को चुनावी प्रशिक्षण देने की तैयारी शुरू कर दी है। हालांकि, भाजपा की कोशिश है कि गांव-गांव चौपाल लगाकर वह इस मुद्दे पर शुरुआती बढ़त हासिल करे और महिला मतदाताओं के बीच अपनी पकड़ को और मजबूत बनाए।
यह भी पढ़ें- एमपी के 54 लाख छात्रों के लिए खुशखबरी, खाते में आएंगे यूनिफॉर्म व किट के पैसे, सीएम भेजेंगे ₹381 करोड़
भाजपा प्रदेश कार्यालय में राज्य स्तरीय मीडिया संवाद होगा। इनमें मंत्री संपतिया उइके, कृष्णा गौर, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी परांजपे, पूर्व मंत्री, प्रदेश प्रवक्ता व विधायक अर्चना चिटनीस एवं उषा ठाकुर महिला आरक्षण एवं परिसीमन विधेयक को लेकर मीडिया से चर्चा करेंगी।