MP Collector Guideline: प्रापर्टी की दरों में बदलाव का बताना होगा ठोस कारण, 31 मार्च तक जारी होगी नई गाइडलाइन
15 फरवरी तक अंतिम प्रस्ताव केंद्रीय मूल्यांकन बोर्ड को भेजे जाएंगे। बोर्ड की मंजूरी के बाद 31 मार्च 2027 तक नई दरें जारी होंगी। मूल्य निर्धारण में वास्तविक संपत्ति सौदों, बाजार दरों, नई कॉलोनियों और क्षेत्रीय विकास को आधार बनाया जाएगा।
Publish Date: Fri, 27 Nov 2026 02:57:37 PM (IST)Updated Date: Fri, 27 Nov 2026 02:57:37 PM (IST)
प्रतीकात्मकHighLights
- दरें बढ़ाने या घटाने का देना होगा औचित्य
- 15 जनवरी तक तैयार होंगे प्रस्ताव
- 31 मार्च तक जारी होगी नई गाइडलाइन
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल । प्रदेश में वित्तीय वर्ष 2027-28 के लिए अचल संपत्तियों की कलेक्टर गाइड लाइन में वृद्धि या कमी प्रस्तावित की जाती है तो इसका औचित्य बताना होगा। नई गाइड लाइन तैयार करने के लिए 15 जनवरी तक जिला मूल्यांकन समिति को प्रस्ताव तैयार करके भेजने होंगे। केंद्रीय मूल्यांकन बोर्ड 31 तक इन्हें अंतिम रूप देगा।
महानिरीक्षक पंजीयन आलोक कुमार सिंह ने सभी निर्देश दिए हैं कि वे जिला मूल्यांकन समितियां 15 जनवरी 2027 तक निर्धारित प्रारूप में प्रस्तावित दरें और उनसे संबंधित जानकारी तैयार कर अनुमोदन के लिए प्रस्तुत करें।
जनता से ली जाएगी राय
30 जनवरी तक जिला मूल्यांकन समितियां अंतिम मूल्यों को अधिसूचित करने से पहले आम जनता से सुझाव आमंत्रित करेंगी और प्राप्त सुझावों पर विचार करेंगी। 15 फरवरी तक अंतिम मूल्यों को केंद्रीय मूल्यांकन बोर्ड के अनुमोदन के लिए भेजना होगा।
31 मार्च 2027 तक जारी होगी गाइडलाइन
बोर्ड से मंजूरी मिलने के बाद 31 मार्च 2027 तक विभिन्न क्षेत्रों के लिए बाजार मूल्य मार्गदर्शक सिद्धांत जारी कर दिए जाएंगे। नई गाइडलाइन तैयार करते समय नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में हुए विकास, नई कॉलोनियों और लोकेशन के विस्तार को ध्यान में रखा जाएगा।
दरों में बदलाव का बताना होगा ठोस कारण
मूल्य निर्धारण में बाजार में हुए वास्तविक लेन-देन और प्रचलित दरों को आधार बनाया जाएगा। जहां दरों में वृद्धि या कमी प्रस्तावित होगी, वहां उसका औचित्य भी बताना होगा। निर्माण लागत की दरें राज्य स्तर पर निर्धारित दरों के अनुरूप रखी जाएं। जिला मूल्यांकन समितियों को दरों में बदलाव और संबंधित स्थानों की जानकारी अलग-अलग देनी होगी।