
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, रायपुर। जमीन-मकान की रजिस्ट्री कराने की प्रक्रिया को आसान और पारदर्शी बनाने के लिए प्रदेश में नई डिजिटल व्यवस्था शुरू की जा रही है। पंजीयन विभाग ने ‘धरोहर’ पोर्टल का पायलट परीक्षण राजधानी के तेलीबांधा स्थित उप पंजीयक कार्यालय- छह में शुरू किया है।
नई व्यवस्था में दस्तावेज तैयार करने से लेकर संपत्ति का मूल्यांकन, शुल्क गणना और भुगतान तक की प्रक्रिया डिजिटल होगी। एआई की मदद से दस्तावेज तैयार करने के सुझाव भी मिलेंगे। पोर्टल में ऑनलाइन अप्वाइंटमेंट, आधार ई-केवाईसी से पहचान सत्यापन और डिजिटल हस्ताक्षर जैसी सुविधाओं का प्रावधान किया गया है।
इससे फर्जी पहचान और गलत तरीके से पंजीयन की आशंका कम करने में मदद मिलेगी। संपत्ति का स्वचालित मूल्यांकन और स्टाम्प व पंजीयन शुल्क की गणना भी पोर्टल के माध्यम से होगी। नागरिक यूपीआई, डेबिट-क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग और एनईएफटी-आरटीजीएस से भुगतान कर सकेंगे।
पायलट परीक्षण के तहत नई प्रणाली फिलहाल एक कार्यालय में ही लागू की गई है। रायपुर जिले के अन्य कार्यालयों सहित प्रदेशभर में पंजीयन का काम पुराने एनजीडीआरएस साफ्टवेयर से सामान्य रूप से जारी रहेगा। तकनीकी परीक्षण और जरूरी सुधारों के बाद धरोहर पोर्टल को चरणबद्ध तरीके से अन्य कार्यालयों में लागू किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर के पास स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस के जनरल कोच में उठा धुआं, पहियों से निकली चिंगारी; यात्रियों में हड़कंप
35 अधिवक्ता-दस्तावेज लेखकों को मिली आईडी
पोर्टल पर अब तक 33 अधिवक्ताओं और दो दस्तावेज लेखकों की आइडी दो गई है। इनके माध्यम से पक्षकारों के लिए आनलाइन अप्वाइंटमेंट बुक किया जा सकेगा। लाइसेंस के लिए आवेदन, नवीनीकरण और प्रोफाइल अपडेट की सुविधा भी दी गई है।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर की दो कॉलोनियों पर चला बुलडोजर, नगर निगम अमले ने की कार्रवाई; बिना अनुमति चल रहा था विकास कार्य