भोपाल में 2 साल के मासूम को दे दी एक्सपायरी दवा, लापरवाही पर रोशन अस्पताल में हंगामा
भोपाल के प्रभात चौराहे स्थित रोशन अस्पताल में सेजल पटवा को एक्सपायरी दवा दे दी गई। स्वजन ने दवा बच्चे को पिला भी दी, हालांकि उसकी तबीयत पर कोई प्रतिकूल असर नहीं पड़ा।
Publish Date: Sun, 08 Nov 2026 10:14:10 AM (IST)Updated Date: Sun, 08 Nov 2026 10:14:10 AM (IST)
प्रतीकात्मक, एआई से तैयार फोटो।HighLights
- दो साल के बच्चे को दी एक्सपायरी दवा
- प्रबंधन ने गलत दवा दिए जाने की बात स्वीकार की
- भोपाल के प्रभात चौराहे स्थित रोशन अस्पताल का मामला
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। प्रभात चौराहे स्थित रोशन अस्पताल में लापरवाही का मामला सामने आया है। यहां दो साल के बच्चे को एक्सपायरी दवा दे दी गई, जिसे स्वजनों ने बच्चे को पिला भी दिया। गनीमत रही कि दवा पीने के बाद बच्चे की तबीयत पर कोई प्रतिकूल असर नहीं पड़ा और वह पूरी तरह स्वस्थ है। मामले की जानकारी मिलने पर स्वजनों ने अस्पताल में विरोध जताया और प्रबंधन से शिकायत की।
अस्पताल से ही खरीदी दवा
बच्चे के पिता पवन पटवा ने बताया कि उनके दो साल के बेटे सेजल पटवा को अस्पताल में दवा दी गई थी। बाद में पता चला कि दवा की एक्सपायरी अवधि समाप्त हो चुकी है। इस संबंध में जब अस्पताल प्रबंधन से शिकायत की गई तो बताया गया कि मेडिकल स्टोर संचालक ने गलती से एक्सपायरी दवा दे दी।
इसके बाद स्वजनों ने अस्पताल में हंगामा किया। उनका कहना था कि बच्चों के इलाज में इस तरह की लापरवाही गंभीर है।
बाद में मानी गलती
विरोध के बाद अस्पताल प्रबंधन ने गलत दवा दिए जाने की बात स्वीकार की और बच्चे को सही उपचार देने का आश्वासन दिया। इस मामले में रोशन अस्पताल के संचालक डॉ. राकेश कुकरेजा ने बताया कि अस्पताल का मेडिकल स्टोर आउटसोर्स पर दिया गया है। दवा देने में हुई गलती मेडिकल स्टोर की ओर से हुई है। इसमें अस्पताल प्रबंधन की कोई गलती नहीं है। फिर भी मामले की जांच कराई जाएगी।